Gold And Silver Price Today In India (सोना का भाव आज का) 2 October 2025 : सोने और चांदी की कीमतों में लगातार तेजी देखी जा रही है। रोज नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। आज दशहरा और गांधी जयंती है, आज के दिन सोना-चांदी का भाव क्या है, आइए जानते हैं। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार बुधवार को बाजार बंद होने तक 24 कैरेट सोना बढ़कर ₹1,17,332 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर ₹1,45,120 प्रति किलोग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार बुधवार को दिल्ली में सोने की कीमत बढ़कर 1,21,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) के नए शिखर पर पहुंच गया। वहीं चांदी चांदी की कीमतें 1,50,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स समेत) पर स्थिर रहीं, जो अपने रिकॉर्ड स्तर पर है। गौर हो कि आज गुरुवार 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और दशहरा की छुट्टी की वजह से बाजार बंद है, इसलिए बुधवार का बंद भाव ही गुरुवार को मान्य रहेगा। आगे IBJA के मुताबिक जानिए 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के ताजा दाम क्या हैं।
सोना-चांदी का ताजा भाव जानिए (तस्वीर-istock)
आज का सोने-चांदी का भाव इस प्रकार है :- (Gold, Silver Rate Today in Hindi)
- सोना 24 कैरेट: 117332 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 23 कैरेट: 116862 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 22 कैरेट: 107476 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 18 कैरेट: 87999 रुपये प्रति 10 ग्राम
- सोना 14 कैरेट: 68639 रुपये प्रति 10 ग्राम
- चांदी 999 : 145120 रुपये प्रति 10 ग्राम
पिछले दिन क्या रहे सोने-चांदी का भाव
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच बुधवार को सोना राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में 1,100 रुपये की छलांग लगाते हुए 1.21 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंच गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,100 रुपये बढ़कर 1,21,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स समेत) के नए शिखर पर पहुंच गया। मंगलवार को यह 1,20,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। स्थानीय सर्राफा बाजार में, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना बुधवार को 1,100 रुपये बढ़कर 1,20,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। पिछले सत्र में इसका भाव 1,19,400 रुपये प्रति 10 ग्राम था। हालांकि, चांदी की कीमतें 1,50,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रहीं, जो इसका रिकॉर्ड स्तर है।
पिछले दिन विदेशी बाजार में सोने-चांदी का भाव
विदेशी बाजारों में हाजिर सोना एक प्रतिशत से अधिक बढ़कर 3,895.33 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया। वहीं हाजिर चांदी लगभग दो प्रतिशत बढ़कर 47.56 डॉलर प्रति औंस के उच्च स्तर पर पहुंच गई।
सोना का वायदा भाव
अमेरिकी फेडरल रिजर्व की तरफ से ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद बढ़ने के बीच घरेलू वायदा कारोबार में बुधवार को सोने की वायदा कीमत 535 रुपये बढ़कर 1,17,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में दिसंबर माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 535 रुपये यानी 0.45 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,17,800 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर को छू गया। सोने के फरवरी माह में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत में लगातार पांचवें दिन तेजी देखी गई जो 617 रुपये या 0.52 प्रतिशत चढ़कर 1,19,055 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई।
चांदी का वायदा भाव
चांदी वायदा में भी जोरदार तेजी दर्ज की गई। दिसंबर अनुबंध 2,699 रुपये यानी 1.89 प्रतिशत बढ़कर 1,44,844 रुपये प्रति किलोग्राम के नए शिखर पर पहुंच गया जबकि मार्च 2026 अनुबंध 3,980 रुपये यानी 2.77 प्रतिशत उछलकर 1,47,784 रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर को छू गया।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट
न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक अमेरिका में संसद की वित्तीय मंजूरी न मिलने से सरकारी कामकाज अस्थायी रूप से बंद होने के बीच वैश्विक बाजारों में मजबूती का रुख था। सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि कमजोर श्रम बाजार ने फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को बल दिया है, जिससे सर्राफा कीमतों को और समर्थन मिला है। विश्लेषकों ने वायदा कीमतों में इस तीव्र वृद्धि का श्रेय अमेरिकी सीनेट द्वारा व्यय विधेयक पारित करने में विफल रहने से सरकारी कामकाज ठप पड़ने को दिया है। मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के विश्लेषक (बहुमूल्य धातु) मानव मोदी ने कहा कि अमेरिकी सरकार का कामकाज थमने से बढ़ते जोखिमों को देखते हुए निवेशकों ने सुरक्षित निवेश विकल्प के तौर पर सोने का रुख किया।
