Noel Tata Vs Tata Sons : टाटा ग्रुप की होल्डिंग कंपनी Tata Sons को शेयर बाजार में लिस्ट कराने का दबाव बढ़ता जा रहा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने कंपनी को साफ संदेश दिया है कि अपर लेयर NBFC (NBFC-UL) के तौर पर उस पर लागू सभी नियमों का पालन करना होगा। इनमें शेयर बाजार में लिस्टिंग की अनिवार्यता भी शामिल है।
टाटा सन्स की करनी होगी लिस्टिंग
RBI का यह कड़ा रुख Tata Trusts के चेयरमैन Noel Tata के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि उनकी कोशिश Tata Sons को लिस्टिंग से बचाए रखने की है। दिलचस्प बात यह है कि RBI का यह पत्र 26 नवंबर को होने वाली Tata Sons की बोर्ड मीटिंग से ठीक पहले आया है। इस बैठक में कंपनी को अनलिस्टेड रखने के लिए तैयार पुनर्गठन योजना पर चर्चा हो सकती है।
Moneycontrol की रिपोर्ट के मुताबिक, RBI ने 16 नवंबर को Tata Sons के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) को पत्र भेजकर लिस्टिंग की अनिवार्यता का स्पष्ट उल्लेख किया है। कंपनी ने 6 अक्टूबर को केंद्रीय बैंक से कुछ नियामकीय पहलुओं पर मार्गदर्शन मांगा था। इसी के जवाब में RBI ने यह पत्र भेजा है।
RBI ने क्या कहा?
रिपार्ट के मुताबिक RBI के ताजा पत्र में कहा गया है कि Tata Sons को अपर लेयर नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनियों (NBFC-UL) पर लागू सभी नियमों, दिशानिर्देशों और निर्देशों का पालन करना होगा। इसमें कंपनी की लिस्टिंग की जरूरत भी शामिल है।
यह संदेश इसलिए अहम है, क्योंकि इससे पहले Tata Sons की ओर से यह दलील दी गई थी कि RBI के सितंबर में भेजे गए पत्र में लिस्टिंग का स्पष्ट उल्लेख नहीं था। Noel Tata ने कथित तौर पर यह भी कहा था कि उस पत्र में कंपनी को किसी खास कदम के लिए निर्देश नहीं दिया गया था और न ही यह कहा गया था कि कंपनी नियमों का उल्लंघन कर रही है।
लेकिन 16 नवंबर के नए पत्र में RBI ने लिस्टिंग को सीधे तौर पर Tata Sons की नियामकीय जिम्मेदारियों में शामिल कर दिया है। इससे कंपनी के लिए लिस्टिंग से बचने की रणनीति को आगे बढ़ाना आसान नहीं होगा। हालांकि, RBI ने इस बार भी लिस्टिंग के लिए कोई नई समयसीमा तय नहीं की है।
क्या Noel Tata की योजना पर फिर सकता है पानी?
Tata Sons को शेयर बाजार में लिस्ट कराने की अनिवार्यता से बचाने के लिए Tata Trusts की ओर से एक पुनर्गठन योजना तैयार की गई है। इस योजना के तहत कंपनी के कारोबारी ढांचे और वित्तीय प्रोफाइल में बदलाव करने की तैयारी है, ताकि वह NBFC और कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी (CIC) की नियामकीय परिभाषा से बाहर आ सके। Noel Tata ने 26 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग में RBI के 11 सितंबर के पत्र और ट्रस्ट की पुनर्गठन योजना पर चर्चा कराने को कहा है। उन्होंने मैनेजमेंट से इस योजना को लेकर कानूनी सलाह और आगे उठाए जाने वाले कदमों पर प्रेजेंटेशन देने को भी कहा है।
दो कंपनियों के मर्जर से बदलेगी Tata Sons की तस्वीर?
Tata Trusts की प्रस्तावित योजना के तहत Tata Electronics Systems Solutions (TESS) और Tata Consulting Engineers (TCE) का Tata Sons में विलय किया जा सकता है। इस प्रस्ताव के पीछे तर्क यह है कि दोनों कंपनियों के बिजनेस, टर्नओवर और ऑपरेटिंग एसेट्स को Tata Sons में शामिल करने से होल्डिंग कंपनी की वित्तीय प्रोफाइल बदल सकती है। इससे कंपनी को NBFC और CIC की परिभाषा से बाहर निकलने का रास्ता मिल सकता है।
SP ग्रुप को ₹25,000 करोड़ देने पर भी नजर
26 नवंबर की बोर्ड मीटिंग सिर्फ Tata Sons की लिस्टिंग के लिहाज से ही अहम नहीं है। इसमें Shapoorji Pallonji (SP) Group की वित्तीय जरूरतों से जुड़ा बड़ा प्रस्ताव भी चर्चा में आ सकता है। Noel Tata ने Tata Sons की ओर से SP Group के शेयर खरीदने के प्रस्ताव पर चर्चा के लिए भी कहा है। इसके तहत कैपिटल रिडक्शन के जरिए SP Group को करीब ₹25,000 करोड़ की रकम उपलब्ध कराने की योजना है। इस प्रस्ताव का मकसद SP Group की लिक्विडिटी जरूरतों को पूरा करने में मदद करना है।
