Sensex Top 10 Companies: बीते सप्ताह यानी 30 दिसंबर से 3 जनवरी तक हुए ट्रेड में सेंसेक्स की टॉप 10 सबसे वैल्युएबल कंपनियों में से चार कंपनियों का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) 96,605.66 करोड़ रुपये घटा, जबकि बाकी छह कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई। इस गिरावट का सबसे बड़ा प्रभाव एचडीएफसी बैंक पर पड़ा, जिसका बाजार मूल्यांकन में सबसे अधिक गिरावट देखी गई।
किसे हुआ नुकसान किसकी बढ़ी मार्केट कैप
HDFC, ICICI बैंक और TCS को हुआ नुकसान
इस सप्ताह की समीक्षा के दौरान एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 37,025.46 करोड़ रुपये घटकर 13,37,919.84 करोड़ रुपये रह गया। इसके साथ ही आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 29,324.55 करोड़ रुपये घटकर 8,93,378.50 करोड़ रुपये पर आ गया। टीसीएस का बाजार मूल्यांकन भी 24,856.26 करोड़ रुपये घटकर 14,83,144.53 करोड़ रुपये रह गया। इसके अलावा, एसबीआई का मूल्यांकन भी 5,399.39 करोड़ रुपये घटकर 7,08,168.60 करोड़ रुपये पर आ गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज में बढ़ोतरी
वहीं, सेंसेक्स की अन्य कंपनियों में बढ़ोतरी देखी गई। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 41,138.41 करोड़ रुपये बढ़कर 16,93,373.48 करोड़ रुपये हो गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 15,331.08 करोड़ रुपये बढ़कर 5,65,194.18 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके अलावा, एलआईसी, इन्फोसिस, आईटीसी और भारती एयरटेल का भी बाजार मूल्यांकन बढ़ा।
सेंसेक्स की टॉप 10 कंपनियों की लिस्ट
सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर बनी रही, इसके बाद टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एसबीआई, आईटीसी, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर का स्थान रहा।
सेंसेक्स और निफ्टी का प्रदर्शन
बीते सप्ताह सेंसेक्स 524.04 अंक या 0.66 प्रतिशत बढ़कर 79,223.11 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी में 191.35 अंक या 0.80 प्रतिशत का लाभ रहा।
