सेबी ने बदले KYC नियम, निवेशकों को हर बार नहीं देने होंगे दस्तावेज, 24 दिसंबर से लागू होंगे बदलाव

सेबी के नए KYC नियम 24 दिसंबर से लागू होंगे। अब शेयर ब्रोकर और म्यूचुअल फंड में खाता खोलने पर निवेशकों को समान दस्तावेज और जानकारी बार-बार नहीं देनी होगी।

शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड में निवेश करने वालों के लिए राहत की खबर है। बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने केवाईसी यानी Know Your Customer के नियमों में बदलाव किए हैं। अब निवेशकों को अलग-अलग ब्रोकर, म्यूचुअल फंड कंपनियों और दूसरे बाजार मध्यस्थों के पास खाता खोलते समय एक जैसी जानकारी और दस्तावेज बार-बार जमा करने की जरूरत नहीं होगी। सेबी का मकसद खाता खोलने की प्रक्रिया को आसान बनाना और निवेशकों की परेशानी कम करना है। नए नियम 24 दिसंबर से लागू होंगे।

सेबी ने बदले KYC नियम, निवेशकों को हर बार नहीं देने होंगे दस्तावेज, 24 दिसंबर से लागू होंगे बदलाव

KRA के स्तर पर केंद्रीकृत होगी जानकारी

PTI/भाषा के अनुसार सेबी के नए नियमों के मुताबिक, निवेशकों की कुछ पूरक ग्राहक जानकारियां अब केवाईसी रजिस्ट्रेशन एजेंसी (KRA) के स्तर पर केंद्रीकृत की जाएंगी। अभी खाता खोलने के फॉर्म के दूसरे हिस्से में दी जाने वाली कुछ अतिरिक्त जानकारियां अलग-अलग मध्यस्थों के पास दोबारा देनी पड़ती हैं। नए सिस्टम में इन जानकारियों को एक जगह उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि निवेशकों को हर बार वही प्रक्रिया न दोहरानी पड़े।

ब्रोकर और म्यूचुअल फंड कंपनियों को मिलेगी जानकारी

पूंजी बाजार के मध्यस्थों में शेयर ब्रोकर, म्यूचुअल फंड कंपनियां और निवेशकों को बाजार से जुड़ी सेवाएं देने वाली दूसरी संस्थाएं शामिल हैं। सेबी ने इन संस्थाओं को ग्राहकों की अतिरिक्त जानकारी KRA सिस्टम पर अपलोड करने का निर्देश दिया है। इसमें केंद्रीय KYC पहचान संख्या (CKYC ID), उपलब्ध होने पर डिजिटल पोस्टल इंडेक्स नंबर (DIGIPIN) और आधिकारिक रूप से वैध दस्तावेजों की समाप्ति तिथि शामिल है।

मोबाइल नंबर का दोबारा वेरिफिकेशन जरूरी नहीं

नए नियमों के तहत अगर KRA सिस्टम में निवेशक का मोबाइल नंबर पहले से सत्यापित है और आधार से जुड़ा हुआ दर्ज है, तो बाजार मध्यस्थों के लिए उसका दोबारा वेरिफिकेशन करना वैकल्पिक होगा। यानी हर बार नया खाता खोलने पर मोबाइल नंबर की पुष्टि कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

खाता बंद होने पर भी तय हुई समयसीमा

सेबी ने निवेशकों के खाते बंद होने की प्रक्रिया के लिए भी समयसीमा तय की है। म्यूचुअल फंड को छोड़कर दूसरे बाजार मध्यस्थों को खाता बंद होने की जानकारी पांच कार्यदिवस के भीतर KRA को देनी होगी। इसके बाद KRA को अगले दो कार्यदिवस में संबंधित KYC रिकॉर्ड अपडेट या अलग करना होगा।

24 दिसंबर से लागू होंगे नए नियम

सेबी के मुताबिक, इन बदलावों का उद्देश्य ग्राहकों की जानकारी को सुरक्षित और व्यवस्थित रखना है। ग्राहक की जानकारी केवल उन्हीं मध्यस्थों के साथ साझा की जाएगी, जिनके साथ उसका सक्रिय खाता संबंध है। नए प्रावधान 24 दिसंबर से लागू होंगे। वहीं, KRA को इन्हें लागू करने के लिए 30 दिनों के भीतर मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करनी होगी।

End Article
प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार...

End of Feed