देश के सबसे बड़ा सरकारी बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही का रिजल्ट आज जारी किया है। बैंक के मुनाफे में बड़ा उछाल आया है। बता दें कि बैंक का का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में शुद्ध लाभ 13.7 प्रतिशत बढ़कर 24,113 करोड़ रुपये पर हो गया। बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 21,201.47 करोड़ रुपये और पिछली मार्च तिमाही में 19,642.87 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था। मजबूत नतीजे के दम पर बैंक के स्टॉक में तेजी है। एसबीआई का स्टॉक 2.19% की तेजी के साथ 1,108.80 रुपये पर ट्रेड कर रहा है।
भारतीय स्टेट बैंक
बैंक के कुल आय में भी बढ़ोतरी
शेयर बाजार को दी सूचना के अनुसार, एकल आधार पर बैंक का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 10.23 प्रतिशत बढ़कर 21,121.22 करोड़ रुपये रहा, जो वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में 19,160.44 करोड़ रुपये था। बैंक की कुल आय बढ़कर 1.43 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 1.35 लाख करोड़ रुपये थी। वहीं, इस दौरान कुल खर्च बढ़कर 1.10 लाख करोड़ रुपये हो गया, जो 2025-26 की समान अवधि में 1.04 लाख करोड़ रुपये था।
एनपीए में भी कमी आई
बैंक ने बताया कि जून तिमाही में फंसे कर्ज (एनपीए) के लिए प्रावधान घटकर 3,359 करोड़ रुपये रह गया, जो 2025-26 की समान तिमाही में 4,934 करोड़ रुपये था। हालांकि, पिछली तिमाही के 3,140 करोड़ रुपये के मुकाबले यह अधिक रहा। बैंक की सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) 30 जून, 2026 को घटकर 1.47 प्रतिशत रही, जो मार्च अंत में 1.49 प्रतिशत और एक वर्ष पहले 1.83 प्रतिशत थी।
इन कंपनियों ने भी पेश किए नतीजे
टायर बनाने वाली कंपनी जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज का वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 73 प्रतिशत घटकर 44.09 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने बताया कि पश्चिम एशिया संकट के कारण कच्चे माल की लागत बढ़ने से उसके शुद्ध लाभ पर असर पड़ा।
ऊर्जा क्षेत्र की कंपनी प्रीमियर एनर्जीज का वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 53 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ 471.9 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 307.8 करोड़ रुपये था।
दवा कंपनी ल्यूपिन लिमिटेड का वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 16 प्रतिशत बढ़कर 1,416.98 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 1,221.46 करोड़ रुपये था।
दोपहिया वाहन विनिर्माता हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 16.86 प्रतिशत घटकर 1,417.93 करोड़ रुपये रह गया। वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी ने 1,705.65 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।
