भारतीय रुपये के लिए सोमवार का दिन राहत भरा रहा। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 27 पैसे मजबूत होकर 93.92 (अस्थायी) के स्तर पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी और विदेशी निवेशकों की ओर से लगातार खरीदारी के कारण रुपये को मजबूती मिली। इससे पिछले दो कारोबारी सत्रों से रुपये में जारी गिरावट का सिलसिला भी थम गया।
शेयर बाजार में भी रही जोरदार तेजी/Photo-AI
कारोबार के दौरान 93.91 के स्तर तक पहुंचा रुपया
PTI/भाषा के मुताबिक अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में सोमवार को रुपया 94.22 प्रति डॉलर पर खुला था। कारोबार के दौरान इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिला। एक समय रुपया मजबूत होकर 93.91 के स्तर तक पहुंच गया, जबकि इसका निचला स्तर 94.25 रहा। अंत में यह 27 पैसे की बढ़त के साथ 93.92 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पहले शुक्रवार को रुपया सात पैसे कमजोर होकर 94.19 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी से मिली मजबूती
एलकेपी सिक्योरिटीज के उपाध्यक्ष एवं शोध विश्लेषक जतिन त्रिवेदी के मुताबिक, हाल के सप्ताहों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय बाजार में 50,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश किया है। इससे रुपये को समर्थन मिला है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में जिंस कीमतों में नरमी से भारत के आयात बिल को लेकर चिंता कम हुई है। इसका सकारात्मक असर भी घरेलू मुद्रा पर पड़ा है।
शेयर बाजार में भी रही जोरदार तेजी
सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 512.34 अंक की बढ़त के साथ 82,104.79 पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई निफ्टी 146.80 अंक चढ़कर 25,291.10 के स्तर पर पहुंच गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
डॉलर और कच्चे तेल की कीमतों का हाल
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.03 प्रतिशत बढ़कर 103.44 पर पहुंच गया। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.03 प्रतिशत गिरकर 94.85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 6 नवंबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2.49 अरब डॉलर बढ़कर 719.54 अरब डॉलर हो गया।
