Retirement Financial Planning: रिटायरमेंट के बाद नियमित कमाई बंद हो जाती है और बचत ही आगे के खर्च का बड़ा सहारा बनती है। ऐसे में सबसे जरूरी होता है कि जमा पैसे को इस तरह मैनेज किया जाए कि रोजमर्रा के खर्च पूरे होते रहें और भविष्य के लिए पैसा भी बचा रहे। इसी वजह से कई लोगों के मन में सवाल आता है कि रिटायरमेंट के बाद FD से पैसा निकालना चाहिए? क्या SIP को जारी रखना चाहिए। वास्तव में दोनों निवेश विकल्पों की अपनी अलग भूमिका है और इन्हें एक-दूसरे से अलग देखने के बजाय साथ में समझना बेहतर हो सकता है।
Retirement के बाद कैसे मैनेज करें पैसा (Photo: iStock)
FD का पैसा आ सकता है काम
FD को आमतौर पर स्थिर रिटर्न और पूंजी की सुरक्षा के लिए इस्तेमाल किया जाता है। रिटायरमेंट के बाद जब नियमित आय का स्रोत कम हो जाता है, तब FD का पैसा जरूरत के समय काम आ सकता है। अगर किसी व्यक्ति के पास कई सालों के खर्च के बराबर रकम सुरक्षित निवेश में रखी है, तो वह जरूरत के हिसाब से FD की मैच्योरिटी या ब्याज से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कर सकता है।
वहीं SIP (Systematic Investment Plan) के जरिए म्यूचुअल फंड में नियमित निवेश किया जाता है। इसमें बाजार से जुड़ा जोखिम होता है और रिटर्न की गारंटी नहीं होती। लेकिन लंबे समय के लिए निवेश करने पर SIP रिटायरमेंट के बाद भी पोर्टफोलियो के उस हिस्से को बढ़ाने में मदद कर सकती है, जिसका इस्तेमाल तुरंत नहीं करना है।
एसआईपी न करें बंद
रिटायरमेंट के बाद पूरी SIP अचानक बंद करना हमेशा जरूरी नहीं है। अगर आपकी मासिक पेंशन या दूसरी आय से रोजमर्रा के खर्च आसानी से पूरे हो रहे हैं और आपके पास पर्याप्त सुरक्षित बचत है, तो आप अपनी क्षमता के अनुसार SIP जारी रखने पर विचार कर सकते हैं। इससे लंबी अवधि के लक्ष्यों के लिए निवेश बना रह सकता है।
दूसरी तरफ, अगर रिटायरमेंट के बाद हर महीने के खर्च के लिए पर्याप्त आय नहीं है, तो पहले जरूरी खर्च और इमरजेंसी फंड को प्राथमिकता देना बेहतर होगा। ऐसी स्थिति में जरूरत के मुताबिक निवेश से पैसा निकालना पड़ सकता है।
एफडी और एसआईपी दोनों को करें इस्तेमाल
सबसे जरूरी बात यह है कि FD और SIP को एक ही काम के लिए इस्तेमाल न करें। FD को आप सुरक्षित और निकट अवधि की जरूरतों के लिए रख सकते हैं, जबकि SIP को लंबी अवधि के विकास वाले हिस्से के तौर पर देख सकते हैं। रिटायरमेंट के बाद कितना पैसा FD में रखना है और SIP में कितना जारी रखना है, यह आपकी उम्र, खर्च, पेंशन, कुल बचत और जोखिम लेने की क्षमता पर निर्भर करता है।
