UPI Record: भारत में डिजिटल पेमेंट की रफ्तार ने नया इतिहास रच दिया है। अक्टूबर में पहली बार UPI के जरिए औसतन हर दिन ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा का लेनदेन हुआ। महीनेभर में 25.47 अरब ट्रांजैक्शन के जरिए ₹31.53 लाख करोड़ का भुगतान किया गया। फेस्टिव सीजन की खरीदारी ने डिजिटल पेमेंट के इस रिकॉर्ड को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया।
एक महीने में सबसे ज्यादा ट्रांजैक्शन का भी रिकॉर्ड बना
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस यानी UPI के जरिए कुल ₹31.53 लाख करोड़ का लेनदेन हुआ। इस दौरान 25.47 अरब यानी 2,547 करोड़ ट्रांजैक्शन प्रोसेस किए गए।
रोजाना ₹1 लाख करोड़ से ज्यादा का पेमेंट
UPI के बढ़ते इस्तेमाल का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि सितंबर 2026 में औसतन हर दिन ₹97,913 करोड़ का ट्रांजैक्शन हुआ था। अक्टूबर में यह बढ़कर ₹1,01,707 करोड़ पहुंच गया। यानी एक महीने में दैनिक औसत ट्रांजैक्शन वैल्यू में करीब 3.9% की बढ़ोतरी हुई।
ट्रांजैक्शन की संख्या भी बढ़ी
सिर्फ पैसों के लेनदेन में ही नहीं, ट्रांजैक्शन की संख्या में भी इजाफा हुआ है। अक्टूबर में औसतन हर दिन करीब 82.2 करोड़ UPI ट्रांजैक्शन हुए। सितंबर में यह आंकड़ा 80.2 करोड़ था। इस तरह दैनिक ट्रांजैक्शन की संख्या में भी करीब 2.5% की वृद्धि दर्ज की गई। इसका मतलब है कि UPI पर सिर्फ बड़े पेमेंट ही नहीं बढ़ रहे, बल्कि रोजमर्रा की छोटी-बड़ी खरीदारी में भी डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है।
₹30 लाख करोड़ से ज्यादा के ट्रांजैक्शन
UPI ने अक्टूबर में एक और बड़ा मुकाम हासिल किया। पहली बार किसी एक महीने में इसके जरिए ₹30 लाख करोड़ से ज्यादा का लेनदेन हुआ है। अक्टूबर में कुल ट्रांजैक्शन वैल्यू ₹31.53 लाख करोड़ रही। इससे पहले मई 2026 में ₹29.90 लाख करोड़ का रिकॉर्ड बना था। सितंबर में UPI के जरिए ₹29.37 लाख करोड़ का ट्रांजैक्शन हुआ था। यानी अक्टूबर में सितंबर के मुकाबले कुल ट्रांजैक्शन वैल्यू करीब 7.4% बढ़ गई। वहीं, मई के पिछले रिकॉर्ड से भी अक्टूबर का आंकड़ा करीब 5.4% ज्यादा रहा।
25.47 अरब ट्रांजैक्शन
UPI ने अक्टूबर में ट्रांजैक्शन की संख्या के मामले में भी नया रिकॉर्ड बनाया है। पूरे महीने में 25.47 अरब ट्रांजैक्शन प्रोसेस किए गए। इससे पहले अगस्त 2026 में 24.51 अरब ट्रांजैक्शन का रिकॉर्ड बना था। सितंबर में UPI पर 24.07 अरब ट्रांजैक्शन हुए थे। अक्टूबर में यह संख्या बढ़कर 25.47 अरब पहुंच गई। यानी महीने-दर-महीने आधार पर ट्रांजैक्शन वॉल्यूम में करीब 5.8% की बढ़ोतरी हुई।
पिछले साल अक्टूबर 2025 के मुकाबले भी UPI ट्रांजैक्शन की संख्या में करीब 23% और कुल ट्रांजैक्शन वैल्यू में करीब 16% की वृद्धि हुई है। इससे साफ है कि डिजिटल पेमेंट का विस्तार केवल फेस्टिव सीजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है।
TIMESNOW नवभारत पर यह भी पढ़ें : तेल कंपनियों के अच्छे दिन, Q2 में ₹30106 करोड़ मुनाफा
