Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर के उद्घाटन से अयोध्या भारत में एक नया टूरिस्ट हॉटस्पॉट बनेगा, जहां हर 5 करोड़ से अधिक टूरिस्ट पहुंच सकते हैं। यह बात ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने कही है। जेफरीज ने कहा है कि नए एयरपोर्ट, होटल, मॉडर्न रेलवे स्टेशन, टाउनशिप, बेहतर सड़क कनेक्टिविटी आदि को मिलाकर करीब 10 अरब डॉलर खर्च किए जा रहे हैं। यह पर्यटन के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर द्वारा संचालित विकास के लिए एक खाका भी तैयार कर सकता है। अभी भारत में टूरिज्म का जीडीपी में अनुपात करीब 6.8 फीसदी है। कोविड महामारी से पहले पर्यटन का जीडीपी में 194 अरब डॉलर का योगदान था। जो वित्त वर्ष 2033 तक बढ़कर 443 अरब डॉलर होने की उम्मीद है।
राम मंदिर
इन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा
जेफरीज ने आगे कहा है कि अयोध्या में हो रहे बदलाव से इस प्राचीन शहर को एक वैश्विक धार्मिक और आध्यात्मिक टूरिस्ट हॉटस्पॉट में बदला जा रहा है। नया राम मंदिर 22.5 करोड़ डॉलर की लागत से बनेगा। इससे पर्यटन में बढ़ोतरी का अनुमान है। फर्म द्वारा जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि अयोध्या में बढ़ते आर्थिक और धार्मिक माइग्रेशन के बीच होटल, एयरलाइंस, हॉस्पिटैलिटी, एफएमसीजी, ट्रैवल, सीमेंट आदि सहित कई सेक्टर्स को फायदा होगा।
कैसा है राम मंदिर
यह मंदिर 70 एकड़ के परिसर में फैला है। इसका डिजाइन वास्तुकला की प्राचीन नागर शैली से प्रेरित है। मंदिर की ऊंचाई 161.75 फुट, लंबाई 380 फुट और चौड़ाई 249.5 फुट है। यह तीन मंजिला मंदिर होगा। इसमें मुख्य शिखर के साथ पांच मंडप- नृत्य मंडप, रंग मंडप, गूढ़ मंडप, कीर्तन मंडप और प्रार्थना मंडप शामिल होंगे। अयोध्या में राम मंदिर का डिजाइन इंजीनियरिंग एवं निर्माण समूह लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) ने तैयार किया और उसके निर्माण को भी अंजाम दिया।
