PSU Stock : पिछले छह महीनों में Nifty-Sensex ने भले ही नेगेटिव रिटर्न दिया है। लेकिन, भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) के शेयर में निवेश किया होता, तो आपका निवेश करीब 65% बढ़ चुका होता। दिलचस्प बात यह है कि इतनी तेज रैली के बाद भी ब्रोकरेज का मानना है कि अभी इस दिग्गज PSU Stock में अभी और दम बाकी है। मजबूत तिमाही नतीजों के बाद ब्रोकरेज ने शेयर पर 'Buy' रेटिंग भी बरकरार रखी है।
नतीजों के बाद शेयर में फिर से तेजी की उम्मीद
6 महीने में निवेशकों को किया मालामाल
BHEL का शेयर पिछले छह महीनों में करीब 65% चढ़ चुका है। वहीं, साल 2026 में अब तक इसमें करीब 43% की तेजी आई है। अगर लंबी अवधि की बात करें तो इस शेयर ने एक साल में 67%, तीन साल में 336% और पांच साल में 561% का शानदार रिटर्न दिया है। मजबूत प्रदर्शन के दम पर कंपनी का शेयर हाल ही में 446.50 रुपये के 52 हफ्तों के नए उच्च स्तर पर पहुंच गया था। हालांकि इसके बाद इसमें कुछ मुनाफावसूली भी देखने को मिली।
तिमाही नतीजों ने बढ़ाया भरोसा
वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में BHEL ने शानदार वापसी की है। कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 377 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में 455.5 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। वहीं, कंपनी की ऑपरेशनल इनकम 5,486.91 करोड़ रुपये से बढ़कर 7,697.72 करोड़ रुपये हो गई। यानी सालाना आधार पर करीब 40% की बढ़ोतरी हुई है। इसके साथ ही ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन (OPM) -9.54% से बढ़कर 6.69% हो गया है। शेयर प्राइस में तेजी के चलते कंपनी की नेटवर्थ बढ़कर 26,471 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि प्रति शेयर आय (EPS) 1.08 रुपये रही।
क्यों बुलिश हैं ब्रोकरेज?
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज (ICICI Securities) का कहना है कि BHEL ने वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत बेहद मजबूत तरीके से की है। खास बात यह रही कि कंपनी ने वित्त वर्ष 2019 के बाद पहली बार पहली तिमाही में मुनाफा दर्ज किया है। ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी के नए पावर प्रोजेक्ट्स का निपटान अब तेज हो रहा है और इन्हीं प्रोजेक्ट्स से बेहतर मार्जिन मिल रहा है।
ताबड़तोड़ बढ़ रही ऑर्डरबुक
पिछले तीन वर्षों में BHEL को 2.7 लाख करोड़ रुपये के नए ऑर्डर मिले हैं। वहीं, जून तिमाही में कंपनी ने 26,700 करोड़ रुपये के नए ऑर्डर हासिल किए, जिससे उसकी कुल ऑर्डर बुक बढ़कर 2.6 लाख करोड़ रुपये हो गई। यह कंपनी की पिछले 12 महीनों की बिक्री का करीब 7.2 गुना है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2026 से 2028 के बीच कंपनी का प्रोजेक्ट निष्पादन 13% की चक्रवृद्धि वार्षिक दर (CAGR) से बढ़ सकता है, जबकि मुनाफे में भी लगातार सुधार देखने को मिलेगा।
कितना और ऊपर जाएगा शेयर?
मजबूत नतीजों के बाद आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने BHEL पर 'खरीदें' की रेटिंग बरकरार रखते हुए लक्ष्य मूल्य 450 रुपये से बढ़ाकर 520 रुपये कर दिया है। यह मौजूदा स्तर से करीब 23% की संभावित बढ़त दिखाता है। इसी तरह JM Financial भी BHEL को अपनी टॉप-5 पसंदीदा कंपनियों में शामिल रखा है।
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी ने 8 साल बाद पहली तिमाही में मुनाफा दर्ज किया है। साथ ही देश में थर्मल पावर क्षमता बढ़ाने की योजनाओं से BHEL को आने वाले वर्षों में बड़े ऑर्डर मिलने की संभावना है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : वॉरेन बफे ने खोला कामयाबी का राज, बताया कैसे स्टॉकब्रोकर पिता ने दिखाई अमीरी की राह?
डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
