अगर आप अपनी जमा पूंजी को सुरक्षित तरीके से निवेश करना चाहते हैं और बाजार के उतार-चढ़ाव से बचना चाहते हैं तो पोस्ट ऑफिस की टाइम डिपॉजिट (POTD) एक अच्छा विकल्प हो सकती है। इसमें निवेश की अवधि के हिसाब से अलग-अलग ब्याज दरें मिलती हैं। अगर आपके पास 10 लाख रुपये हैं, तो आप 3 साल की पोस्ट ऑफिस TD या 5 साल की TD में निवेश कर सकते हैं। लेकिन सवाल यही कि 3 साल की Post Office Time Deposit में पैसा जमा करना चाहिए या 5 साल की TD में पैसा जमा करना चाहिए। आइए जानते हैं कौन-सा विकल्प ज्यादा बेहतर साबित हो सकता है-
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (Photo: iStock)
Post Office Time Deposit में कितना मिल रहा ब्याज
वर्तमान में जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही के लिए पोस्ट ऑफिस की 3 साल की टाइम डिपॉजिट पर 7.1% सालाना ब्याज मिल रहा है। वहीं, 5 साल की TD पर ब्याज दर 7.5% सालाना है। ये दरें इस अवधि में खोले गए नए डिपॉजिट पर लागू हैं।
3 साल की TD में 10 लाख पर कितना ब्याज?
अगर आप 10 लाख रुपये को 3 साल के लिए पोस्ट ऑफिस TD में जमा करते हैं और 7.1% की दर को आधार मानते हैं, तो सालाना ब्याज करीब 71,000 रुपये बनेगा। यानी तीन साल में कुल ब्याज लगभग 2.13 लाख रुपये होगा। इस तरह मूलधन 10 लाख रुपये के अलावा करीब 2.13 लाख रुपये ब्याज के तौर पर मिलेंगे।
5 साल की TD में कितना फायदा?
वहीं, 10 लाख रुपये को 5 साल की TD में जमा करने पर 7.5% सालाना ब्याज के हिसाब से सालाना ब्याज लगभग 75,000 रुपये होगा। पांच साल की अवधि में कुल ब्याज करीब 3.75 लाख रुपये हो सकता है। यानी 3 साल की तुलना में 5 साल की TD से लगभग 1.62 लाख रुपये अधिक ब्याज मिल सकता है।
हालांकि, इस बात का खास ध्यान दें कि पोस्ट ऑफिस TD में ब्याज की गणना तिमाही आधार पर होती है, जबकि इसका भुगतान सालाना किया जाता है। अगर सालाना मिलने वाला ब्याज नहीं निकाला जाता है, तो उस पर दोबारा ब्याज नहीं मिलता।
3 साल या 5 साल का निवेश किसे चुनें?
अगर आपको तीन साल बाद पैसों की जरूरत पड़ सकती है, तो छोटी अवधि वाली TD आपके लिए एक अच्छा विकल्प होगा। वहीं, अगर आप पांच साल तक रकम को निवेश में बनाए रख सकते हैं, तो 5 साल की TD में मौजूदा दर के हिसाब से कुल ब्याज अधिक है। 5 साल की TD में पात्र निवेश पर आयकर कानून की धारा 80C के तहत टैक्स लाभ भी मिल सकता है। हालांकि, TD से मिलने वाला ब्याज निवेशक के लागू टैक्स नियमों के अनुसार कर योग्य होता है। इसलिए निवेश से पहले अपनी जरूरत, निवेश अवधि, पैसों की उपलब्धता और टैक्स स्थिति को ध्यान में रखना जरूरी है। साथ ही, पोस्ट ऑफिस की छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें समय-समय पर बदली जा सकती हैं, इसलिए निवेश से पहले मौजूदा दर जरूर जांच लें।
