देशभर के छोटे निवेशकों के बीच Post Office की सेविंग स्कीम काफी पॉपलुर है। इसलिए लाखों की संख्या में निवेशक, पीपीएफ, आरडी, पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट (TD) आदि में निवेश करते हैं। आपको बता दें कि पोस्ट ऑफिस की सेविंग स्कीम में निवेश पर सरकारी गारंटी मिलती है। यानी निवेश पर जोखिम बिल्कुल नहीं होता और मैच्योरिटी पर तय रिटर्न मिलता है। अब सवाल उठता है कि Post Office TD vs RD में कौन लंबी अवधि के लिए बेहतर है? अगर आप 5 लाख रुपये निवेश करते हैं तो 5 साल बाद कहां से बेहतर रिटर्न मिलेगा? आइए जानते हैं।
पोस्ट ऑफिस सेविंग स्कीम
पोस्ट ऑफिस TD बनाम आरडी
पोस्ट ऑफिस की TD में एकमुश्त राशि निवेश की जा सकती है, जबकि रेकरिंग डिपॉजिट में मासिक आधार पर जमा किया जा सकता है। दोनों ही बेहतरीन विकल्प हैं, लेकिन समय के साथ कौन सी योजना बेहतर रिटर्न दे सकती है? आापको बता दें कि पोस्ट ऑफिस एफडी, जिसे आमतौर पर टीडी के नाम से जाना जाता है, इंडिया पोस्ट द्वारा पेश की जाने वाली एक बचत योजना है, जिसमें व्यक्ति एक निश्चित अवधि के लिए एकमुश्त राशि जमा कर सकते हैं और बदले में, उन्हें उस राशि पर पूर्व निर्धारित दर से ब्याज मिलता है।
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट
पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट की चार श्रेणियां उपलब्ध हैं, 1-वर्षीय एफडी, 2-वर्षीय एफडी, 3-वर्षीय एफडी और 5-वर्षीय एफडी। पोस्ट ऑफिस की टीडी में न्यूनतम 1000 रुपये से खाता खोला जा सकता है, और निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है।
डाकघर टाइम डिपॉजिट (TD) ब्याज दरें
- 1 साल का TD अकाउंट: 6.9%
- 2 साल का TD अकाउंट: 7.0%
- 3 साल का TD अकाउंट: 7.1%
- 5 साल का TD अकाउंट: 7.5%
इस स्टोरी में हम 5 साल का FD मानकर रिटर्न की गणना करेंगे।
डाकघर आवर्ती जमा (आरडी) क्या है?
डाकघर आवर्ती जमा (आरडी) भारतीय डाक द्वारा प्रदान की जाने वाली एक बचत योजना है, जहाँ व्यक्ति 1 से 5 वर्ष तक की अवधि के लिए निश्चित मासिक जमा कर सकते हैं। यह बचत का एक अनुशासित तरीका है, जहाँ व्यक्ति हर महीने एक निश्चित राशि का निवेश कर सकता है और बदले में अपनी कुल शेष राशि पर ब्याज अर्जित करता है।
डाकघर आवर्ती जमा (RD) अवधि
डाकघर में आवर्ती जमा अकाउंट खोलने की अवधि 5 वर्ष (60 मासिक जमा) है। आवेदन करके खाते को 5 वर्षों के लिए और बढ़ाया जा सकता है। डाकघर आवर्ती जमा खाता खोलने के लिए न्यूनतम राशि 100 रुपये है। यानी कोई निवेशक 100 रुपये से आरडी खाता खोला सकता है। निवेश की कोई अधिकतम सीमा नहीं है। मौजूदा समय में डाकघर आवर्ती जमा (आरडी) 6.7 प्रतिशत प्रति वर्ष की ब्याज दर प्रदान कर रहा है।
डाकघर टाइम डिपॉजिट (TD) की गणना: 5 लाख रुपये के निवेश पर
अवधि: 5 वर्ष
कुल निवेशित राशि: 5,00,000 रुपये
ब्याज दर: 7.5 प्रतिशत प्रति वर्ष
मैच्योरिटी अमाउंट: 7,24,974 रुपये
कुल ब्याज राशि: 2,24,974 रुपये
RD गणना: 8,333 रुपये मासिक निवेश पर रिटर्न
अवधि: 5 वर्ष
मासिक निवेश: 8,333 रुपये
ब्याज दर: 6.7 प्रतिशत प्रति वर्ष
परिपक्वता राशि: 5,95,279 रुपये
कुल ब्याज राशि: 95,299 रुपये
नोट: आरडी का अर्थ है कि आप मासिक जमा करते हैं, एकमुश्त नहीं।
5 वर्षों (60 महीने) में 5,00,000 रुपये (कुल निवेश) निवेश करने के लिए → 5,00,000 रुपये ÷ 60 = 8,333 रुपये प्रति माह
आप सहज अंदाजा लगा सकते हैं कि डाकघर टाइम डिपॉजिट (TD) में अधिक रिटर्न मिला लेकिन निवेश एकमुश्त करना हुआ। वहीं, अगर आपके पास एकमुश्त रकम नहीं है तो आप मंथली निवेश कर आरडी से भी बेहतर रिटर्न प्राप्त कर सकते हैं। जानकारों का कहना है कि ये दोनों सेविंग स्कीम बेस्ट है। निवेशकों को अपनी जरूरत के अनुसार चुनाव करना चाहिए।
