Semiconductor Park: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 28 में शनिवार को इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड के सेमीकंडक्टर पार्क का शिलान्यास समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर शिलान्यास करेंगे। जिला प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब 4 बजे कार्यक्रम में पहुंचने की उम्मीद है। इस मौके पर केंद्रीय आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnaw) और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहेंगे।
ग्रेटर नोएडा में बनेगा सेमीकंडक्टर, पीएम मोदी और सीएम योगी करेंगे शिलान्यास (तस्वीर-istock/PTI)
एचसीएल और फॉक्सकॉन का संयुक्त प्रोजेक्ट
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक यह सेमीकंडक्टर पार्क इंडिया चिप प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित किया जा रहा है, जो HCL Group और Foxconn का ज्वाइंट वेंचर है। इस परियोजना को देश में चिप निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य भारत को सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के लिए विदेशों पर निर्भरता कम हो सके। अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी
कार्यक्रम में वीआईपी और वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने शनिवार सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इस दौरान नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और दिल्ली बॉर्डर से जुड़ने वाले प्रमुख मार्गों पर यातायात में बदलाव किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आम लोगों को असुविधा से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
दिल्ली से आने वाले वाहनों के लिए रूट
दिल्ली के डीएनडी और चिल्ला बॉर्डर से आने वाले वीआईपी और वीवीआईपी वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से होते हुए जीरो प्वाइंट पहुंचेंगे। वहां से वे यमुना एक्सप्रेसवे पर फालैदा कट (26 किलोमीटर) से बाहर निकलकर सेक्टर 28 स्थित कार्यक्रम स्थल तक जाएंगे। कार्यक्रम स्थल के पास मंच के निकट विशेष वीआईपी पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
बसों और स्टाफ के लिए अलग व्यवस्था
एचसीएल ग्रुप और शिव नाडर स्कूल की बसें, जो दिल्ली और नोएडा से आएंगी, वे भी फालैदा कट तक वही मार्ग अपनाएंगी। वहां से बाएं मुड़कर ओल्ड रबूपुरा रोड के जरिए पानी की टंकी के पास निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद ये बसें रबूपुरा/दनौर सर्विस रोड से होकर गलगोटियास विश्वविद्यालय और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के रास्ते वापस जाएंगी।
मीडिया और कर्मचारियों के लिए विशेष रूट
एचसीएल के कर्मचारियों और मीडिया कर्मियों के वाहन यमुना एक्सप्रेसवे से फालैदा कट पर बाएं मुड़ेंगे और तीर्थली डबल सर्विस रोड से होते हुए सेंट्रल वेयरहाउस बिल्डिंग के समानांतर निर्धारित पार्किंग स्थल तक पहुंचेंगे। वापसी के समय भी यही मार्ग अपनाया जाएगा।
आम जनता के लिए वैकल्पिक रास्ते
ककोड़, झाझर और जहांगीरपुर से आने वाले वाहनों को कैंची तिराहा और रबूपुरा बाईपास से होते हुए यमुना प्राधिकरण के ग्रीन पार्क के पास सामान्य पार्किंग में भेजा जाएगा। जेवर और आसपास के इलाकों से आने वाले वाहन तीर्थली चौराहे से होकर जाएंगे, जबकि दनकौर और आसपास के क्षेत्रों के वाहन डबल सर्विस रोड और ओल्ड रबूपुरा रोड का उपयोग करेंगे।
आपात सेवाओं को रहेगी छूट
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को डायवर्जन के दौरान बिना किसी रोक-टोक के गुजरने दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर लोग ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क कर सकते हैं। इस तरह, सेमीकंडक्टर पार्क के शिलान्यास कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो और आम जनता को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
