Parle G IPO : देश के सबसे भरोसेमंद और सबसे पुराने एफएमसीजी ब्रांड्स में शामिल Parle Products अगले साल एक बड़ा आईपीओ (IPO) ला सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी 1 अरब डॉलर (करीब ₹9,530 करोड़) से अधिक का IPO लाने की तैयारी में है। इसके साथ ही कंपनी का वैल्यूएशन 10.5 अरब डॉलर (करीब ₹1 लाख करोड़) से ज्यादा रखने का लक्ष्य है। हालांकि, कंपनी ने इन खबरों की पुष्टि नहीं की है।
भारतीय बाजार में लिस्टिंग की संभावनाएं तलाश रही कंपनी
IPO के लिए इन निवेश बैंकों का चयन
Moneycontrol की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई स्थित Parle Products ने आईपीओ की शुरुआती तैयारियां शुरू कर दी हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कंपनी ने फिलहाल Kotak Mahindra Capital, Axis Capital और HSBC Securities को सलाहकार (Advisors) के तौर पर चुना है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी एक चौथे इन्वेस्टमेंट बैंक को भी इस टीम में शामिल कर सकती है और इस संबंध में बातचीत जारी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अभी प्रक्रिया शुरुआती चरण में है। ऐसे में IPO का आकार और कंपनी की वैल्यूएशन बाजार की स्थिति के हिसाब से आगे बदल भी सकती है।
कंपनी ने क्या कहा?
Parle Products के चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) मयंक शाह ने इस मामले पर कहा, "हम बाजार में चल रही अटकलों पर कोई टिप्पणी नहीं करते। फिलहाल हमारा पूरा फोकस कारोबार को बढ़ाने पर है। हमारी तरह की बड़ी कंपनियां समय-समय पर अपने विकास के लिए सभी विकल्पों का मूल्यांकन करती रहती हैं।" वहीं, Kotak Mahindra Capital और Axis Capital ने इस पर कोई जवाब नहीं दिया, जबकि HSBC Securities ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
पहले IPO की खबरों को किया था खारिज
गौरतलब है कि इसी साल मई में भी Parle Products के आईपीओ को लेकर चर्चा हुई थी। उस समय CNBC-TV18 से बातचीत में मयंक शाह ने कहा था कि कंपनी फिलहाल लिस्टिंग पर विचार नहीं कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा, "हम कई वर्षों से एक प्राइवेट कंपनी हैं और फिलहाल उसी तरह बने रहना चाहते हैं। बाजार में कई तरह की अटकलें चलती रहती हैं।" हालांकि, इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद कंपनी के IPO की चर्चा फिर तेज हो गई है।
Parle-G से Melody तक, भारत के हर घर में पहचान
मुंबई के विले पार्ले में 1929 में स्थापित Parle Products भारत की सबसे बड़ी बिस्किट और कन्फेक्शनरी कंपनियों में से एक है। कंपनी के पोर्टफोलियो में कई लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं, जिनमें, Parle-G, KrackJack, Monaco, Hide & Seek, Melody, Mango Bite और Poppins के अलावा केक, रस्क, आटा और ब्रेकफास्ट सीरियल जैसे उत्पाद भी शामिल हैं।
Parle Agro से अलग है Parle Products
कई लोग Parle Products और Parle Agro को एक ही कंपनी समझते हैं, लेकिन दोनों अलग-अलग कंपनियां हैं। Parle Products का संचालन विजय चौहान के नेतृत्व में होता है, जबकि Parle Agro का संचालन जयंतीलाल चौहान, शौना चौहान और नादिया चौहान करते हैं। Parle Agro के पास Frooti, Appy Fizz और Bailley जैसे ब्रांड हैं। दोनों कंपनियां पारिवारिक बंटवारे के बाद स्वतंत्र रूप से कारोबार कर रही हैं।
भारत की सबसे मूल्यवान अनलिस्टेड कंपनियों में शामिल
2025 Burgundy Private Hurun India 500 रिपोर्ट के मुताबिक, Parle Products की अनुमानित वैल्यू ₹75,420 करोड़ है। इसके साथ यह भारत की सातवीं सबसे मूल्यवान अनलिस्टेड कंपनी है। तुलना करें तो Britannia Industries का मार्केट कैप 2 जुलाई 2026 को लगभग ₹1.29 लाख करोड़ था।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : India-Japan Trade Explained: कितना बड़ा है कारोबार, कौन क्या बेचता है और आगे क्या है प्लान?
