वैश्विक स्तर पर होटल और ट्रैवल प्लेटफॉर्म के रूप में पहचान बना चुकी ओयो (OYO) ने वित्त वर्ष 2024-25 में जबरदस्त मुनाफा दर्ज किया है। कंपनी के संस्थापक रितेश अग्रवाल के अनुसार, ओयो ने बीते वर्ष ₹623 करोड़ का शुद्ध लाभ कमाकर भारत की सबसे अधिक मुनाफा कमाने वाली स्टार्टअप का दर्जा हासिल किया है।
Oyo Hotels
शुद्ध लाभ में 172% की जबरदस्त वृद्धि
कंपनी के दस्तावेजों के अनुसार, ओयो का शुद्ध लाभ FY24 के ₹229 करोड़ से छलांग लगाकर FY25 में ₹623 करोड़ हो गया, यानी 172% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई। इस तरह कंपनी ने मुनाफे के मामले में कई अन्य स्टार्टअप्स को पीछे छोड़ दिया है।
वित्त वर्ष 2024-25 में ओयो की समायोजित कर-पूर्व आय (EBITDA) 27% बढ़कर ₹1,132 करोड़ पर पहुंच गई। इससे पिछले वर्ष यह आंकड़ा ₹889 करोड़ था। उल्लेखनीय है कि यह ओयो की लगातार 10वीं तिमाही रही है, जब उसका EBITDA सकारात्मक बना रहा।
प्रति शेयर आय में 158% की वृद्धि
शेयरधारकों के लिए भी यह वर्ष शानदार रहा, क्योंकि ओयो की प्रति शेयर आय (EPS) ₹0.36 से बढ़कर ₹0.93 हो गई — यानी 158% की जबरदस्त छलांग। यह दर्शाता है कि कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन मजबूती की ओर बढ़ रहा है।
