Pension Latest News: पेंशन का लाभ आने वाले समय में अविवाहित लोगों को भी मिल सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि हरियाणा में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार वहां ऐसे ही लोगों के लिए पेंशन योजना लाने पर फिलहाल विचार कर रही है।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइलः आईस्टॉक)
रविवार (दो जुलाई, 2023) को सरकार की ओर से बताया गया कि राज्य सरकार 45 से 60 साल के आयु वर्ग में शामिल अविवाहित लोगों के लिए पेंशन योजना लाने पर सोच-विचार में जुटी है।
समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा ने इस बाबत जारी की गई विज्ञप्ति के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि खट्टर ने करनाल के कलाम्पुरा गांव में ‘जन संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार एक महीने के भीतर योजना को लेकर फैसला लेगी।
‘जनसंवाद’ के दौरान 60 बरस के एक अविवाहित व्यक्ति की पेंशन संबंधी शिकायत का जवाब देते हुए सीएम खट्टर बोले कि सरकार एक योजना शुरू करने पर विचार कर रही है। वैसे, इससे पहले मुख्यमंत्री ने सामुदायिक केंद्र परिसर में पौधारोपण किया। उन्होंने गांव में संस्कृति मॉडल स्कूल के निर्माण की भी घोषणा की।
खट्टर ने संबंधित अधिकारियों को दो माह के भीतर सरकारी स्कूल के लिए नया भवन और कछवा से कलाम्पुरा तक सड़क बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सरकारी स्कूल में वॉलीबॉल मैदान के निर्माण और एक तालाब के जीर्णोद्धार की भी घोषणा की।
