अचानक मेडिकल खर्च, घर की जरूरी मरम्मत, नौकरी में देरी से मिली सैलरी या किसी दूसरी स्थिति में पैसों की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे समय में लोग अक्सर सीधे बैंक से पर्सनल लोन (Personal Loan) लेने के बारे में सोचते हैं। हालांकि, बैंक जाने से पहले कुछ ऐसे विकल्प भी देखे जा सकते हैं, जिनसे जरूरत के समय पैसे का इंतजाम आसानी से किया जा सकता है।
इमरजेंसी में पर्सनल लोन से पहले चेक करें ये विकल्प (Photo: iStock)
इमरजेंसी फंड करें चेक
सबसे पहले अपना इमरजेंसी फंड चेक करें। अगर आपने अलग से इमरजेंसी फंड बनाया है, तो अचानक आए जरूरी खर्च के लिए इसी रकम का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसका उद्देश्य ही ऐसे समय में काम आना है, ताकि छोटी या मध्यम जरूरत के लिए कर्ज लेने की जरूरत न पड़े। इस्तेमाल की गई रकम को बाद में धीरे-धीरे दोबारा फंड में जमा किया जा सकता है।
बैंक एफडी आ सकती है काम
अगर आपके पास बैंक की एफडी (Bank FD) है, तो जरूरत पड़ने पर उसे समय से पहले तोड़ने या उसके बदले लोन लेने का विकल्प देखा जा सकता है। एफडी तोड़ने पर ब्याज में कुछ नुकसान या नियमों के अनुसार पेनल्टी हो सकती है, इसलिए पहले बैंक की शर्तें देखना जरूरी है। वहीं एफडी के बदले मिलने वाला लोन भी ब्याज के साथ चुकाना होता है।
Credit Card कर सकते हैं इस्तेमाल
क्रेडिट कार्ड में उपलब्ध लिमिट भी कुछ जरूरी परिस्थितियों में काम आ सकती है। हालांकि, इसका इस्तेमाल तभी करना बेहतर है जब तय समय पर पूरा बिल चुकाने की क्षमता हो। क्रेडिट कार्ड का बकाया लंबे समय तक रखने पर ब्याज और दूसरे शुल्क खर्च को काफी बढ़ा सकते हैं।
कंपनी से मांग सकते हैं मदद
अगर आप नौकरीपेशा हैं तो अपने एम्प्लॉयर से सैलरी एडवांस या कंपनी की उपलब्ध वित्तीय सहायता के बारे में पूछ सकते हैं। कुछ कंपनियां विशेष परिस्थितियों में एडवांस सैलरी या अन्य सहायता देती हैं।
किसी दोस्त से ले सकते हैं मदद
परिवार या भरोसेमंद व्यक्ति से अस्थायी मदद लेना भी बैंक लोन का विकल्प हो सकता है, लेकिन रकम, वापसी की तारीख और शर्तें पहले स्पष्ट कर लेना बेहतर है।
सबसे जरूरी बात यह है कि इमरजेंसी में जल्दबाजी में कोई भी महंगा कर्ज लेने से बचना चाहिए। पहले उपलब्ध बचत, एफडी, क्रेडिट लिमिट, गोल्ड लोन या दूसरे विकल्पों की लागत और जोखिम समझें। इससे जरूरत के समय पैसा भी मिल सकता है और कर्ज का बोझ भी कम रखा जा सकता है।
