Merger & Acquisition Activities: रिलायंस और डिज्नी के बीच मर्जर रिलेटेड 8.5 अरब डॉलर (करीब 70750 करोड़ रु) की डील ने मार्च तिमाही में कुल विलय एवं अधिग्रहण गतिविधियों (Merger & Acquisition Activities) को दो साल के उच्च स्तर पर पहुंचा दिया। मंगलवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। एडवाइजरी फर्म ग्रांट थॉर्नटन इंडिया ने इस रिपोर्ट में कहा कि जनवरी-मार्च तिमाही में विलय एवं अधिग्रहण सौदों समेत कुल लेनदेन मामूली रूप से बढ़कर 427 हो गए, जबकि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में कुल 422 सौदे हुए थे। हालांकि, बीती तिमाही में हुए कुल सौदों का मूल्य 43 प्रतिशत बढ़कर 20.41 अरब डॉलर हो गया। यह अप्रैल-जून, 2022 की तिमाही के बाद से लेनदेन सौदों का सबसे अच्छा प्रदर्शन है।
रिकॉर्ड लेवल पर Merger & Acquisition Activities
ये भी पढ़ें -
10 करोड़ डॉलर से अधिक वैल्यू वाली 18 डील हुईं
रिपोर्ट में कहा गया है कि तिमाही का सबसे महत्वपूर्ण सौदा रिलायंस की मीडिया कंपनी वायकॉम18 का स्टार इंडिया के साथ विलय का रहा। इससे 8.5 अरब डॉलर का एंटरप्राइज वैल्यू क्रिएट हुई। मार्च तिमाही में 10 करोड़ डॉलर से अधिक वैल्यू वाले सौदों की संख्या 36 प्रतिशत घटकर 18 रह गई जबकि अरबों डॉलर मूल्य के सौदों की संख्या दिसंबर तिमाही की तुलना में बढ़ गई।
12 अरब डॉलर की 3 डील हुईं
रिपोर्ट के मुताबिक, बीती तिमाही में 12 अरब डॉलर मूल्य के तीन सौदे हुए जो इस तिमाही में हुए कुल सौदों के मूल्य का लगभग 59 प्रतिशत है। कुल सौदों में विलय एवं अधिग्रहण के 120 लेनदेन शामिल थे जबकि बाकी सौदे निजी इक्विटी (पीई) लेनदेन के थे।
सबसे आगे रहा रिटेल सेक्टर
तिमाही में पीई गतिविधियां 8.1 अरब डॉलर के 307 सौदों के साथ बढ़ीं, जो पिछली तिमाही की तुलना में मूल्य के हिसाब से 51 प्रतिशत और मात्रा के हिसाब से 10 प्रतिशत अधिक है। इस तिमाही मात्रा के लिहाज से खुदरा क्षेत्र सबसे आगे रहा। उसके बाद आईटी और बैंकिंग का स्थान रहा। दूसरी तरफ मूल्य के लिहाज से मीडिया एवं मनोरंजन, दूरसंचार और खुदरा क्षेत्र आगे रहे।
