SEBI To Auction Sarda Group Assets: बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड या सेबी (SEBI) ने कहा है कि वह अगले महीने शारदा ग्रुप (Sharda Group) की कंपनियों की संपत्ति की नीलामी करेगा। अवैध योजनाओं के जरिए जनता से जुटाए गए पैसे की वसूली के लिये संपत्ति की नीलामी तीन करोड़ रुपये से अधिक के रिजर्व प्राइस पर की जाएगी। सेबी ने 15 सितंबर को एक नोटिस में कहा कि पश्चिम बंगाल में स्थित शारदा ग्रुप की संपत्ति की नीलामी की जाएगी।
सेबी शारदा समूह की संपत्तियों की नीलामी करेगा
क्या किया शारदा ग्रुप ने
शारदा ग्रुप 239 से अधिक निजी कंपनियों का एक ग्रुप था। यह पश्चिम बंगाल, असम और ओडिशा में कथित तौर पर चिट-फंड ऑपरेट करता था। ग्रुप ने अप्रैल, 2013 में बंद होने से पहले अवैध तरीके से 17 लाख जमाकर्ताओं से लगभग 4,000 करोड़ रुपये जुटाए थे।
कब होगी संपत्ति की नीलामी
सेबी ने कहा है कि ई-नीलामी 17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे के बीच आयोजित की जाएगी। संपत्ति का रिजर्व प्राइस 3.68 करोड़ रुपये रखा गया है। सेबी ने संपत्ति की बिक्री में मदद के लिए क्विकर रियल्टी (Quikr Realty) और ई-नीलामी की सुविधा देने वाली सी1 इंडिया (C1 India) को नियुक्त किया है।
कोर्ट ने दिया था आदेश
यह नीलामी कलकत्ता उच्च न्यायालय (Calcutta High Court) के जून 2022 में एक आदेश पारित करने के बाद हो रही है। अदालत ने अपने आदेश में सेबी को शारदा ग्रुप की कंपनियों की संपत्तियों की नीलामी के साथ मामले में आगे बढ़ने का निर्देश दिया था।
