टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया (Vi) की आर्थिक मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में कंपनी का घाटा बढ़कर 5,975 करोड़ रुपये हो गया है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को 5,524 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। हालांकि, इस दौरान कंपनी की परिचालन आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को इसकी जानकारी दी।
नेटवर्क विस्तार पर कंपनी का फोकस
एक साल में कितना बढ़ा कंपनी का घाटा?
वोडाफोन आइडिया के मुताबिक, जुलाई से सितंबर 2026 के दौरान उसका एकीकृत शुद्ध घाटा 5,975 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी अवधि में यह आंकड़ा 5,524 करोड़ रुपये था। वहीं, चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून में कंपनी को 3,754 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इस तरह तिमाही आधार पर भी कंपनी की वित्तीय स्थिति कमजोर हुई है।
कंपनी की कमाई में हुई बढ़ोतरी
PTI/भाषा के मुताबिक घाटा बढ़ने के बावजूद वोडाफोन आइडिया की परिचालन आय में सुधार हुआ है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी की आय 6.2 फीसदी बढ़कर 11,884 करोड़ रुपये हो गई। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह 11,195 करोड़ रुपये थी। वहीं, पहली तिमाही के मुकाबले कंपनी की आय में 1.7 फीसदी की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई।
शेयरों के पुनर्मूल्यांकन से भी हुआ नुकसान
कंपनी ने बताया कि दूसरी तिमाही में कोषागार परिसंपत्तियों के बाजार मूल्यांकन में बदलाव का उसके नतीजों पर प्रतिकूल असर पड़ा। इसके अलावा वोडाफोन समूह की इकाइयों की ओर से पांच साल के लिए अलग रखे गए कंपनी के 328 करोड़ शेयरों के पुनर्मूल्यांकन से 462 करोड़ रुपये का असाधारण घाटा हुआ। पिछली तिमाही में इसी वजह से कंपनी ने 1,816 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया था।
हालांकि, असाधारण मदों को हटाकर देखें तो कंपनी का घाटा घटा है। इनके समायोजन के बाद दूसरी तिमाही में वोडाफोन आइडिया का घाटा 5,513 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 5,562 करोड़ रुपये था।
नेटवर्क विस्तार पर कंपनी का फोकस
वोडाफोन आइडिया के CEO अभिजीत किशोर ने कहा कि नेटवर्क विस्तार और ग्राहकों को बेहतर अनुभव देने के प्रयासों से नए ग्राहक जोड़ने की रफ्तार में सुधार हुआ है। कंपनी मुफ्त इंटरनेशनल रोमिंग और परिवार के लिए प्रीपेड प्लान जैसी नई सुविधाओं के जरिए अपनी सेवाओं को बेहतर बनाने की कोशिश कर रही है।
