कई बार नौकरी में बोनस, एरियर, इंसेंटिव, टैक्स रिफंड, पुराना निवेश मैच्योर होने या किसी दूसरी वजह से अचानक एक बड़ी रकम हाथ में आ जाती है। मान लीजिए आपकी सामान्य मासिक सैलरी से अलग आपको अचानक 1 लाख रुपये मिल गए। ऐसे में सबसे पहला सवाल यही होता है कि इस पैसे को कहां रखा जाए FD ओपन करवा ली जाए या SIP के जरिए निवेश किया जाए।
अचानक मिल जाए पैसा तो कहां करें निवेश (AI Generated Image)
सबसे पहले तो यही समझें कि अचानक मिले पैसे को कहां रखना है, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आपको उस रकम की जरूरत कब पड़ सकती है, आप कितना जोखिम उठा सकते हैं और आपका वित्तीय लक्ष्य क्या है।
Emergency Fund का रखें ध्यान
अचानक मिले पैसे को देखकर तुरंत पूरी रकम निवेश कर देना हमेशा सही फैसला नहीं होता। सबसे पहले यह देखना चाहिए कि आपके पास Emergency Fund है या नहीं। अगर अचानक नौकरी चली जाए, मेडिकल खर्च आ जाए या कोई बड़ा जरूरी खर्च सामने आ जाए तो कम से कम कुछ महीनों के खर्च का पैसा आसानी से उपलब्ध होना चाहिए।
मान लीजिए आपको 1 लाख मिले हैं और आपके पास कोई Emergency Fund नहीं है। ऐसे में पूरी रकम को लंबी अवधि के निवेश में डालने के बजाय इसका एक हिस्सा आसानी से निकाले जा सकने वाले विकल्प में रखा जा सकता है। अगर आपको किसी बैंक में सेविंग अकाउंट पर एफडी वाला ब्याज मिल रहा है तो इस पैसे को कुछ समय के लिए सेविंग अकाउंट में रख सकते हैं।
FD कब चुन सकते हैं?
अगर आपको पैसों की तत्काल जरूरत नहीं है और आप स्थिर रिटर्न चाहते हैं तो एफडी पर विचार किया जा सकता है। FD में निवेश करते समय ब्याज दर पहले से तय होती है और अवधि के हिसाब से रिटर्न का अनुमान लगाया जा सकता है।
FD का एक फायदा यह है कि बाजार में उतार-चढ़ाव का सीधा असर आपके तय ब्याज पर नहीं पड़ता। लेकिन FD में पैसा तय अवधि के लिए लॉक हो सकता है और समय से पहले निकालने पर बैंक के नियमों के अनुसार ब्याज में कमी या अन्य शर्तें लागू हो सकती हैं। साथ ही, FD के ब्याज पर लागू टैक्स को भी ध्यान में रखना चाहिए।
SIP कब बेहतर विकल्प हो सकता है?
अगर आपका लक्ष्य लंबी अवधि का है और आप बाजार से जुड़े निवेश में उतार-चढ़ाव का जोखिम उठा सकते हैं, तो SIP के जरिए Mutual Fund में निवेश एक विकल्प हो सकता है। लेकिन यहां एक महत्वपूर्ण बात समझना जरूरी है SIP खुद कोई अलग इंवेस्टमेंट प्रोडक्ट नहीं है। यह किसी Mutual Fund में नियमित अंतराल पर निवेश करने का तरीका है।
