मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में ईरान और इजरायल के बीच छिड़ी जंग का असर अब सीधे भारत के आम आदमी की रसोई तक पहुंच गया है। वैश्विक तनाव और युद्ध के हालातों के बीच ऊर्जा संकट गहराता जा रहा है, जिसका नतीजा यह हुआ है कि भारत में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है। ईरान द्वारा दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) को बंद किए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की सप्लाई प्रभावित हुई है, जिससे भारतीय तेल कंपनियों को दाम बढ़ाने पर मजबूर होना पड़ा है।
भारत में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। देश की राजधानी दिल्ली की बात करें, तो यहां अब घरेलू सिलेंडर 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये का हो गया है। यह नई दरें 7 मार्च 2026 से लागू मानी जा रही हैं। केवल घरेलू ही नहीं, बल्कि कमर्शियल सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों और रेस्टोरेंट मालिकों को भी बड़ा झटका लगा है। दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में सीधे 115 रुपये का इजाफा किया गया है, जिसके बाद अब इसकी कीमत 1883 रुपये हो गई है। आर्थिक राजधानी मुंबई में भी कमर्शियल सिलेंडर के दाम बढ़कर 1835 रुपये तक पहुंच गए हैं।
क्यों बढ़े अचानक गैस के दाम?
गैस की कीमतों में इस आग के पीछे मुख्य वजह पश्चिम एशिया का सैन्य तनाव है। दरअसल, भारत अपनी जरूरत की अधिकांश तरल प्राकृतिक गैस (LNG) कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) जैसे देशों से आयात करता है। यह गैस 'होर्मुज जलडमरूमध्य' के रास्ते भारत आती है। युद्ध के कारण ईरान ने इस रास्ते को ब्लॉक कर दिया है, जिससे 28 फरवरी से ही गैस की सप्लाई रुकी हुई है। जानकारों का कहना है कि दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत एलएनजी सप्लाई इसी रास्ते से होती है। सप्लाई बाधित होने और बीमा व ट्रांसपोर्ट खर्च बढ़ने की वजह से एशियाई बाजारों में गैस की कीमतों में अचानक उछाल आ गया है।
प्रमुख शहरों में क्या है स्थिति?
नई दरों का असर केवल दिल्ली-मुंबई तक सीमित नहीं है। पटना, लखनऊ, रांची और नोएडा जैसे शहरों में भी सिलेंडर की कीमतें बढ़ गई हैं। आइए आपको शहर में क्या रेट है बताते हैं?
| शहर | घरेलू सिलेंडर | कमर्शियल सिलेंडर |
| दिल्ली | ₹913.00 | ₹1883.00 |
| मुंबई | ₹912.50 | ₹1835.00 |
| पटना | ₹1011.00 | ₹2095.00 |
| लखनऊ | ₹951.00 | ₹1998.00 |
| रांची | ₹910.50 | ₹1876.00 |
| कोलकाता | ₹970.00 | ₹2042.00 |
| चेन्नई | ₹939.00 | ₹1995.00 |
| बेंगलुरु | ₹928.50 | ₹2045.00 |
| चंडीगढ़ | 915.50 | ₹1961.00 |
| नोएडा | ₹922.50 | ₹1905.00 |
