LPG Price Cut on 1st June 2024: लोकसभा चुनाव के आखिरी फेज में लोगों को बड़ा तोहफा मिला है। हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर की कीमतों में बदलाव होता है। ऐसे में जून महीने के पहले दिन को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम घटा दिये हैं। कंपनियों ने LPG सिलेंडर का रेट 72 रुपये तक कम कर दिया है। कंपनियों ने 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।
सस्ता हुआ कमर्शियल सिलेंडर
City Wise LPG Cylinder Price: जानें अपने शहर के कॉमर्शियल सिलेंडर के नए रेट
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने आज से 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के रेट 69.50 रुपए तक कम किए हैं। दिल्ली में रेट अब 69.50 रुपए घटकर 1676 रुपए हो गया है। कोलकाता में सिलेंडर का दाम 72 रुपए तक कम हुआ। अब यहां सिलेंडर 1787 रुपए में मिलेगा। मुंबई में सिलेंडर 69.50 रुपए कम होकर 1629 रुपये में मिलेगा। चेन्नई में सिलेंडर 1840.50 रुपए का हो गया है।
सोर्स-IOCL
ये लगातार तीसरा महीना जब घटे दाम
1 मई को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम 19 रुपए तक कम किये थे। वहीं 1 अप्रैल को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर के दाम में करीब 30 रुपये से ज्यादा की कटौती थी। इस तरह ये लगातार तीसरा महीना है जब कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी हुई है।
घरेलू सिलेंडर की कीमतों में नहीं हुआ बदलाव
घर में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर के दाम में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। दिल्ली में यह ₹803, कोलकाता में ₹829, मुंबई में ₹802.50 और चेन्नई में ₹818.50 में मिल रहा है। आम ग्राहकों के लिए दिल्ली में इसकी कीमत 803 रुपये बनी हुई है जबकि उज्ज्वला के लाभार्थियों के लिए इसकी कीमत 603 रुपये है।
