LIC Q1 Result : देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी LIC ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का मुनाफा यानी प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) सालाना आधार पर 22.81% बढ़कर ₹13,492 करोड़ पहुंच गया। पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹10,986 करोड़ था। वहीं, कुल प्रीमियम आय 6.75% बढ़कर ₹1.27 लाख करोड़ हो गई। कंपनी ने बताया कि बेहतर प्रोडक्ट मिक्स और नए बिजनेस पर फोकस की वजह से Value of New Business (VNB) में 61.32% की तेज बढ़ोतरी दर्ज हुई और VNB Margin 15.4% से बढ़कर 22.9% पर पहुंच गया।
LIC के तिमाही नतीजों में किया शानदार प्रदर्शन
नए बिजनेस में मजबूत ग्रोथ
पहली तिमाही में LIC ने व्यक्तिगत श्रेणी में 31.02 लाख पॉलिसियां बेचीं, जो पिछले साल की तुलना में करीब 2% अधिक हैं। व्यक्तिगत व्यवसाय का प्रीमियम ₹75,416 करोड़ और समूह व्यवसाय का प्रीमियम ₹51,834 करोड़ रहा। Annualised Premium Equivalent (APE) के आधार पर कुल प्रीमियम ₹13,692 करोड़ रहा। इसमें व्यक्तिगत कारोबार की हिस्सेदारी 55% और समूह कारोबार की हिस्सेदारी 45% रही।
बाजार में अब भी नंबर-1 LIC
IRDAI के आंकड़ों के मुताबिक, पहली तिमाही में फर्स्ट ईयर प्रीमियम के आधार पर LIC की कुल बाजार हिस्सेदारी 60.10% रही। व्यक्तिगत कारोबार में इसकी हिस्सेदारी 38.89% और समूह कारोबार में 70.90% रही।
AUM और सॉल्वेंसी रेश्यो में सुधार
30 जून 2026 तक LIC का Assets Under Management (AUM) बढ़कर ₹59.39 लाख करोड़ हो गया, जो पिछले साल ₹57.05 लाख करोड़ था। वहीं, कंपनी का Solvency Ratio 2.17 से बढ़कर 2.42 हो गया, जो उसकी वित्तीय मजबूती को दर्शाता है। हालांकि, कुल खर्च अनुपात (Expense Ratio) 10.47% से बढ़कर 10.63% रहा और निवेश पर प्रतिफल (Yield) 8.45% से घटकर 8.28% हुआ।
परसिस्टेंसी रेश्यो मिला-जुला
प्रीमियम के आधार पर 13वें महीने का परसिस्टेंसी रेश्यो (Persistency Ratio) मामूली घटकर 75.33% रहा, जबकि 61वें महीने का अनुपात 61.12% रहा। दूसरी ओर, पॉलिसियों की संख्या के आधार पर 13वें महीने का अनुपात सुधरकर 66.45% हो गया, लेकिन 61वें महीने का अनुपात घटकर 48.74% रहा।
CEO ने क्या कहा?
LIC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रबंध निदेशक आर. दोराईस्वामी ने कहा कि बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बावजूद कंपनी ने व्यक्तिगत और समूह दोनों कारोबार में अपनी बाजार नेतृत्व की स्थिति बरकरार रखी है। उन्होंने कहा कि VNB और VNB Margin में मजबूत बढ़ोतरी कंपनी की प्रोडक्ट डाइवर्सिफिकेशन और डिस्ट्रीब्यूशन स्ट्रैटेजी का परिणाम है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें : RBI ने Tata Sons को दिया झटका! Upper Layer NBFC लिस्ट में बरकरार रखा नाम, IPO पर सस्पेंस
