Who is Dinesh Pant: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के प्रबंध निदेशक (MD) दिनेश पंत ने सरकार की मंजूरी के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (VRS) ले ली है। एलआईसी ने शुक्रवार को स्टॉक मार्केट को दी जानकारी में बताया कि सरकार ने 24 सितंबर 2026 की अधिसूचना के जरिए दिनेश पंत की स्वैच्छिक सेवानिवृति को मंजूरी दी।
LIC के MD दिनेश पंत ने ली स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति
दिनेश पंत ने यह कदम तब उठाया है जब उन्हें जून में ही भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) का पूर्णकालिक सदस्य नियुक्त किया जा चुका था। दिनेश पंत एलआईसी के एमडी पद और केएमपी (प्रमुख प्रबंधकीय व्यक्ति) के पद से भी हट गए। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि एलआईसी का अगला एमडी कौन होगा।
LIC के सभी पदों से मुक्त हुए दिनेश पंत
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सरकार की मंजूरी के बाद, दिनेश पंत को एलआईसी की सेवाओं से मुक्त कर दिया गया और 24 सितंबर के कारोबारी समय की समाप्ति के साथ ही वह एमडी और केएमपी नहीं रहेंगे। साथ ही, दिनेश पंत ने एलआईसी की सूचना प्रौद्योगिकी रणनीति समिति (Information Technology Strategy Committee) के चेयरपर्सन का पद भी छोड़ दिया है। इसके अलावा वह निगम की कार्यकारी समिति (Executive Committee) और निवेश समिति (Investment Committee) के सदस्य भी नहीं रहे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'एक आतंकी देश मुझसे ये सवाल पूछ रहा...', जयशंकर ने पाकिस्तानी पत्रकार को दिया करारा जवाब
IRDAI के पूर्णकालिक सदस्य नियुक्त
इससे पहले, 16 जून 2026 को एलआईसी ने स्टॉक मार्केट को बताया था कि वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग ने 15 जून की अधिसूचना के जरिए दिनेश पंत को आईआरडीएआई का पूर्णकालिक सदस्य (एक्चुअरी) नियुक्त किया था।
आईआरडीएआई में दिनेश पंत की नियुक्त कार्यभार संभालने की तारीख से पांच साल के लिए की गई है। हालांकि, यह नियुक्ति 65 वर्ष की आयु पूरी होने या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो तब तक प्रभावी रहेगा।
