KKR Stake Sale: बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला के पति और जाने-माने उद्योगपति जय मेहता इन दिनों सुर्खियों में हैं। खबरों के मुताबिक वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तीन बार की चैंपियन टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) में अपनी मौजूदा हिस्सेदारी का आधा हिस्सा बेचने के लिए तैयार हो गए हैं। यह डील अमेरिका स्थित इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट फर्म 'एरेस मैनेजमेंट' (Ares Management) के साथ करीब 400 मिलियन डॉलर (करीब 3,707.22 करोड़ रुपये से अधिक) में होने जा रही है।
IPL की सबसे बड़ी डील्स में से एक की तैयारी: KKR में अपनी आधी हिस्सेदारी बेच रहे जय मेहता, जानें सबकुछ (तस्वीर-AI/x)
Cricbuzz की रिपोर्ट के अनुसार जय मेहता के पास वर्तमान में केकेआर की 45 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जिसमें से वह 22.5 प्रतिशत हिस्सा बेचने जा रहे हैं। पूरी तरह से नकद (ऑल-कैश) होने वाले इस डील के आधार पर केकेआर की कुल वैल्यू करीब 1.78 अरब डॉलर (करीब 16,634 करोड़ रुपये) आंकी गई है। यह डील अंतिम चरण में है, हालांकि इसे पूरा होने के लिए अभी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की औपचारिक मंजूरी मिलना बाकी है।
कौन हैं जय मेहता?
जय महेंद्र मेहता एक फेमस भारतीय उद्योगपति हैं। वह मुंबई स्थित मल्टीनेशनल फैमिली बिजनेस 'मेहता ग्रुप' के भारतीय कारोबार का नेतृत्व करते हैं। उनकी शादी बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला से हुई है और दोनों के दो बच्चे हैं। जय मेहता फेमस उद्योगपति नानजी कालिदास मेहता के पोते हैं, जिन्होंने मेहता ग्रुप की स्थापना की थी। आज इस कारोबारी समूह का विस्तार सीमेंट, भवन निर्माण सामग्री, पैकेजिंग, चीनी, बागवानी (हॉर्टिकल्चर), इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल केबल्स, एग्रोकेमिकल्स और फाइनेंशियल सर्विसेज जैसे कई बड़े क्षेत्रों में फैला हुआ है।
कोलंबिया यूनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग स्कूल के आंकड़ों के अनुसार, जय मेहता मेहता ग्रुप के भारतीय ऑपरेशंस के ग्रुप डायरेक्टर हैं। इसके अलावा, वह इसी समूह की कंपनियों सौराष्ट्र सीमेंट लिमिटेड और गुजरात सिधी सीमेंट लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव वाइस-चेयरमैन का पद भी संभालते हैं। शिक्षा की बात करें तो उन्होंने 1983 में अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री हासिल की थी। इसके बाद 1991 में उन्होंने स्विट्जरलैंड के लॉजेन स्थित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर मैनेजमेंट डेवलपमेंट (IMD) से एमबीए (MBA) की पढ़ाई पूरी की।
KKR में जय मेहता की कितनी हिस्सेदारी है?
जय मेहता कोलकाता नाइट राइडर्स के प्रमुख मालिकों में से एक हैं। इस फ्रेंचाइजी के सह-मालिक उनकी पत्नी जूही चावला और बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान हैं। साल 2007 में जब बीसीसीआई ने पहली बार आईपीएल की आठ टीमों की नीलामी की थी, तब इन प्रमोटर्स ने मिलकर इस टीम को खरीदा था। टीम के संचालन के लिए 'कोलकाता नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड' की स्थापना की गई थी।
मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक, इस फ्रेंचाइजी में शाहरुख खान के पास सबसे ज्यादा 55 प्रतिशत हिस्सेदारी है, जबकि बाकी 45 प्रतिशत हिस्सा जय मेहता के पास है। अब इसी 45 प्रतिशत में से आधा हिस्सा यानी 22.5 प्रतिशत बेचने की तैयारी है।
क्या है 400 मिलियन डॉलर की यह बड़ी डील?
केकेआर में हिस्सेदारी खरीदने जा रही कंपनी 'एरेस मैनेजमेंट' अमेरिका की एक दिग्गज निवेश फर्म है, जिसका दुनिया भर के खेल जगत में बड़ा निवेश है। यह कंपनी इंग्लिश प्रीमियर लीग के मशहूर फुटबॉल क्लब 'चेल्सी एफसी' (Chelsea FC) और एनएफएल (NFL) की टीम 'मियामी डॉल्फिंस' से भी जुड़ी हुई है। इसके अलावा, यह इंग्लैंड की क्रिकेट लीग 'द हंड्रेड' की टीम 'ट्रेंट रॉकेट्स' की सह-मालिक भी है।
400 मिलियन डॉलर की इस डील के हिसाब से केकेआर का मूल्यांकन 1.78 अरब डॉलर बैठता है, जो 'स्पोर्टिको' द्वारा लगाए गए 1.738 अरब डॉलर के अनुमान के काफी करीब है। हालांकि, इस डील के पूरा होने से पहले बीसीसीआई नए निवेशक की जांच (ड्यू डिलिजेंस) करेगा और अपनी अंतिम मंजूरी देगा। नियमों के मुताबिक, इस डील की कुल राशि का 5 प्रतिशत हिस्सा बीसीसीआई को मिलेगा, जो करीब 20 मिलियन डॉलर (करीब 200 करोड़ रुपये) होगा। अगर यह डील सफल होती है, तो आईपीएल में एक और बड़े अंतरराष्ट्रीय निवेशक की एंट्री होगी, वहीं दूसरी ओर लीग की सबसे सफल टीमों में से एक में जय मेहता की हिस्सेदारी घटकर आधी रह जाएगी।
