Onion Price: कोलकाता पहुंच रही है कांदा एक्सप्रेस, पश्चिम बंगाल के लोगों को मिलेगा सस्ता प्याज

Onion Price: केंद्र सरकार ने त्योहारी सीजन में राहत देते हुए पश्चिम बंगाल में 35 रुपये किलो की दर से 1,400 टन प्याज उपलब्ध कराया है। 'कांदा एक्सप्रेस' के जरिए और आपूर्ति बढ़ाकर कीमतें नियंत्रित रखी जाएंगी।

Onion Price : त्योहारों के मौसम से ठीक पहले आम जनता को महंगाई से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने पश्चिम बंगाल में रियायती दर पर प्याज की आपूर्ति बढ़ा दी है। राज्य में अब तक 1400 टन प्याज 35 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर बेचा जा चुका है। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने घोषणा की है कि त्योहारों के दौरान बाजार में प्याज की कोई कमी न हो और कीमतें नियंत्रण में रहें, इसके लिए आने वाले दिनों में बंगाल को और भी अधिक मात्रा में प्याज भेजा जाएगा। न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक उपभोक्ता मामलों के विभाग के अनुसार, 'मूल्य स्थिरीकरण कोष' (Price Stabilization Fund - PSF) के बफर स्टॉक से प्याज लेकर आ रही विशेष मालगाड़ी 'कांदा एक्सप्रेस' आज 24 सितंबर को कोलकाता पहुंच रही है। इस नई खेप के आने के बाद कोलकाता और उसके आसपास के तमाम जिलों में किफायती प्याज की उपलब्धता और बेहतर हो जाएगी, जिससे आम खरीदारों को बड़ी राहत मिलेगी।

Onion Price,Subsidised Onions, Onion Retail Prices,  West Bengal Onion Price

त्योहारी सीजन में बड़ी राहत: पश्चिम बंगाल में ₹35 प्रति किलो मिलेगा केंद्र का प्याज (तस्वीर-istock)

'कांदा एक्सप्रेस' से पहुंचेगा सस्ता प्याज, खुदरा बाजारों में बिक्री जारी

विभाग का कहना है कि अब तक भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ (NAFED) और भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (NCCF) की मोबाइल वैन के माध्यम से सड़क मार्ग से करीब 1,400 टन प्याज 35 रुपये प्रति किलो की दर से बांटा जा चुका है। अब 'कांदा एक्सप्रेस' ट्रेन के कोलकाता पहुंचने से प्याज की अधिक मात्रा को बेहद कम समय और कुशलता के साथ बाजार में पहुंचाया जा सकेगा। इससे मौसमी मांग के कारण कीमतों पर पड़ने वाले दबाव को कम करने में बड़ी मदद मिलेगी।

End of Feed