Israel-Palestine conflict: यु्द्ध के हालात के बीच इजराइल (Israel) की करेंसी शेकेल (Shekel) में सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली है। बैंक ऑफ इजराइल (Bank Of Israel) के मुताबिक वह अपनी करेंसी में गिरावट को रोकने के लिए 30 अरब डॉलर से भी अधिक की विदेशी मुद्रा बेचने वाला है। हालांकि इससे उसकी करेंसी पर कोई असर नहीं दिखा। दरअसल हमास ने शनिवार को अचानक से इजराइल पर हमला बोल दिया था। इसके बाद इजराइल ने हमास के खिलाफ युद्ध का ऐलान किया था।
करेंसी को सपोर्ट करने के लिए 30 अरब डॉलर की विदेशी करेंसी को बेचेगी
इस वजह से विदेशी करेंसी बेचेगा इजराइल
बैंक ऑफ इजराइल ने कहा कि वह इस इमरजेंसी स्थिति में अपनी करेंसी को सपोर्ट करने के लिए 30 अरब डॉलर की विदेशी करेंसी को बेचेगी और जरूरत पड़ने पर 15 अरब डॉलर तक की विदेशी करेंसी और निकाली जा सकती है। बयान में कहा गया है कि आने वाले समय में बाजार में कारोबार का लक्ष्य शेकेल के एक्सचेंज रेट में अस्थिरता को कम करना और आवश्यक लिक्विडिटी मुहैया करना है। बैंक ऑफ इजराइल की ओर से यह हस्तक्षेप असाधारण है। यह पहली बार है कि वह शेकेल को बढ़ावा देने के लिए विदेशी मुद्रा बेच रहा है। ऐसा इसलिए भी है क्योंकि बैंक को स्वतंत्र रूप से फैसले लेने की इजाजत दी गई है।
हमले में सैकड़ों लोग मारे गए
केंद्रीय बैंक ने यह कदम ऐसे समय उठाया है, जब इजराइल बीते कई दशकों के सबसे घातक हमले का सामना कर रहा है। इस हमले में सैकड़ों लोग मारे गए हैं। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा है कि गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ लड़ाई लंबी और कठिन दोनों होगी। हालांकि केंद्रीय बैंक के हस्तक्षेप के बावजूद इजराइल की करेंसी कारोबार के सबसे निचले स्तर पर चली गई। ऐलान के बाद कुछ देर के लिए जरूर नुकसान कम हुआ, लेकिन बाद यह फिर फिसल गई। स्थानीय समयानुसार दोपहर 1 बजे, डॉलर के मुकाबले शेकेल 2 फीसदी गिरकर 3.9235 पर थी। यह 2016 के बाद का सबसे निचला स्तर है।
देश का बेंचमार्क TA-35 स्टॉक इंडेक्स सोमवार की शुरुआत में 1.3% तक की गिरावट की की भरपाई के बाद 0.2% बढ़ गया। रविवार को यह इंडेक्स 6.5% गिर गया था। युद्ध की चिंताओं के बीच सभी खाड़ी देशों के शेयर बाजारों में गिरावट आई। दुबई के बेंचमार्क गेज में 2.9% की गिरावट आई।
