व्यापार घाटे के मामले में देश के लिए राहत की खबर आई है। नवंबर 2023 में भारत के व्यापार घाटे में गिरावट हुई है। इस महीने व्यापारिक व्यापार घाटा गिरकर 20.58 अरब डॉलर पर आ गया। व्यापार घाटा नवंबर 2022 में यह 22.06 अरब डॉलर रहा था। अर्थशास्त्रियों को उम्मीद थी कि नवंबर में देश का व्यापार घाटा 23.60 अरब डॉलर होगा।
भारत के निर्यात में गिरावट
सरकारी आंकड़ों के अनुसार नवंबर में भारत का माल निर्यात 33.9 अरब डॉलर रहा जबकि आयात 54.48 अरब डॉलर रहा। पिछले महीने व्यापारिक निर्यात 33.57 अरब डॉलर था जबकि आयात 65.03 अरब डॉलर था। नवंबर में सेवा निर्यात 28.68 अरब डॉलर था। जबकि आयात 13.4 अरब डॉलर था। अक्टूबर में सेवा निर्यात 28.70 अरब डॉलर और आयात 14.32 अरब डॉलर था।
इस साल अक्टूबर माह व्यापार घाटा 31.46 अरब डॉलर के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक वहीं सितंबर 2023 में यह गिरकर 5 माह के निचले स्तर 19.37 अरब डॉलर पर चला गया था। वाणिज्य सचिव सुनील बर्थवाल का कहना है कि वैश्विक मंदी के बावजूद भारत का निर्यात अच्छा रहा है।
ताजा सरकारी आंकड़ों के मुताबिक देश का निर्यात इस साल नवंबर में 2.83 प्रतिशत घटकर 33.90 अरब अमेरिकी डॉलर रह गया। जो एक साल पहले इसी महीने में 34.89 अरब अमेरिकी डॉलर था। नवंबर 2023 में आयात भी गिरकर 54.48 अरब डॉलर पर आ गया जबकि नवंबर 2022 में यह 56.95 अरब डॉलर था।
