भारत का पहला वाइड बॉडी वाला विमान A350-900 पहुंचा दिल्ली, जानिए एयर इंडिया की नई फ्लाइट की 5 खूबियां

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Dec 23, 2023, 07:55 PM IST

India's First Wide-Body A350-900 Aircraft: भारत का पहला वाइड बॉडी वाला विमान A350-900 फ्रांस से दिल्ली पहुंचा। एयर इंडिया के इस विमान की 5 खूबियां जानिए।

India's First Wide-Body A350-900 aircraft: एयर इंडिया का पहला चौड़े आकार का A350-900 विमान यूरोप की प्रमुख विमानन कंपनी एयरबस की फ्रांस स्थित टूलूज यूनिट से शनिवार को दिल्ली पहुंचा। एयर इंडिया के बयान के मुताबिक वीटी-जेआरए के तौर पर रजिस्टर्ड विमान राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर दोपहर 1.46 बजे उतरा। इसके साथ ही टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइन अपने बेड़े में इस प्रकार का विमान रखने वाली भारत में पहली विमानन कंपनी बन गई है। यह भारत के किसी भी एयरलाइंस के लिए इस तरह का पहला विमान है। एयर इंडिया के बयान के मुताबिक डिलिवरी उड़ान विशेष कॉल साइन AI350 का उपयोग करके संचालित की जाती है। एयरलाइन ने कहा कि यह विमान एयर इंडिया के 20 एयरबस A350-900 के ऑर्डर में से पहला है। इसकी मार्च, 2024 तक पांच और विमानों की आपूर्ति निर्धारित है। एयरबस के साथ अपने अब संशोधित 250 विमान ऑर्डर में एयर इंडिया 40 A350 विमान लेगी, जिनमें 20-20 विमान A350-900 और A350-1000 होंगे। साथ ही, 140 विमान अपेक्षाकृत पतले आकार के A321नियो और 70 विमान A320नियो विमान होंगे।

Air India, A350-900 aircraft

एयर इंडिया का पहला चौड़े आकार का A350-900 विमान भारत पहुंचा

India's First Wide-Body A350-900 Aircraft: जानिए 5 खास बातें

  1. A350-900 विमान जनवरी 2024 से भारत में अपनी व्यावसायिक यात्रा शुरू करेगा। एयरबस फैसलिटी से फ्रांस में अपनी यात्रा पूरी करने के बाद विमान दिल्ली में उतरा।
  2. एयर इंडिया में शामिल A350-900 विमान में कुल 316 सीटों के साथ तीन श्रेणी का केबिन कॉन्फिगरेशन है। सीटों की डिटेल इस प्रकार है- फुल-फ्लैट बेड वाले 28 बिजनेस क्लास सुइट्स, अतिरिक्त लेगरूम वाली 24 प्रीमियम इकोनॉमी सीटें और 264 इकोनॉमी क्लास सीटें।
  3. एयर इंडिया एकमात्र भारतीय एयरलाइन है जिसके पास चौड़ी बॉडी वाले विमान हैं। इसके अलावा, कंपनी मई 2024 तक इनमें से 5 और उड़ानों को अपने बेड़े में शामिल करने की योजना बना रही है।
  4. एयरबस ने कहा कि चौड़ी बॉडी वाला A350-900 विमान सभी पुराने विमानों की तुलना में 25% कम ईंधन जलाता है, जिससे यह कॉमर्शियल एयरलाइनों द्वारा सबसे अधिक मांग वाले विमानों में से एक बन जाता है।
  5. एयर इंडिया ने 250 एयरबस विमानों और 220 नई बोइंग उड़ानों के लिए अपने ऑर्डर को मजबूत कर लिया है। जिसका कुल मूल्य 70 बिलियन अमेरिकी डॉलर है।

End of Feed