होर्मुज से भारत के लिए आई अच्छी खबर, 62370 टन LNG लेकर आ रहा भारतीय पोत ‘दिशा’, 18 जून को पहुंचेगा दहेज बंदरगाह

ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते पर सहमति बनने की घोषणा के बाद भारत के लिए भी बड़ी और राहत भरी खबर आई है। समझौते के एलान के बाद एलएनजी से भरा जहाज ’दिशा’ होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकल गया है। यह जहाज 62,370 टन एलएनजी लेकर भारत की ओर बढ़ रहा है।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय जहाजों और चालक दलों वाले जहाजों के लिए बुरे समय के आसपास बने सुरक्षा जोखिमों के बीच भारत के लिए राहतभरी खबर आई है। भारतीय ध्वज वाला एलएनजी (तरलीकृत प्राकृतिक गैस) पोत ‘दिशा’ युद्ध प्रभावित होर्मुज जलडमरूमध्य क्षेत्र से सुरक्षित बाहर निकलने वाला पहला भारतीय जहाज बन गया है।

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित निकला भारतीय पोत 'दिशा'।

भारतीय नौवहन निगम लिमिटेड (एससीआई) के नेतृत्व वाले समूह द्वारा प्रबंधित यह पोत 62,370 टन एलएनजी लेकर भारत की ओर बढ़ रहा है। पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार जहाज के 18 जून के आसपास गुजरात के दहेज बंदरगाह पहुंचने की संभावना है। मंत्रालय के निदेशक ओपेश कुमार शर्मा ने सोमवार को बताया कि पोत ने सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर लिया है। ऐसे समय में जब क्षेत्रीय संघर्षों के कारण वैश्विक समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर असर पड़ने की आशंकाएं बनी हुई हैं, यह भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

End of Feed