India GDP Q3 Growth 2026: नई सीरीज के तहत पहली जीडीपी रीडिंग में भारतीय अर्थव्यवस्था ने 7.8% की रियल ग्रोथ दर्ज की है। यह आंकड़ा सिर्फ ग्रोथ रेट नहीं, बल्कि राष्ट्रीय आय की गणना के तरीके में बड़े बदलाव का संकेत भी देता है। सांख्यिकी मंत्रालय ने जीडीपी सीरीज को अपडेट करते हुए कई मेथडोलॉजिकल सुधार लागू किए हैं, जिनका सीधा असर सेक्टर-वाइज ग्रोथ और डिमांड पैटर्न की तस्वीर पर पड़ेगा।
इंडिया जीडीपी डाटा
FY26 की Q3 में 7.8% की रियल GDP ग्रोथ मजबूत जरूर है, लेकिन यह पिछले एक साल की सबसे तेज ग्रोथ नहीं है, क्योंकि इससे पहले FY26 की Q2 में 8.4% की ऊंची वृद्धि दर्ज की गई थी। यानी YoY आधार पर अर्थव्यवस्था स्थिर मजबूती दिखा रही है, पर मौजूदा आंकड़ा हालिया पीक से थोड़ा नीचे है।
घरेलू क्षेत्र के आकलन में ज्यादा डायनेमिक अप्रोच
पहले जीडीपी सीरीज में हाउसहोल्ड सेक्टर के अनुमान या तो पुराने सर्वे के एक्सटेंशन से निकाले जाते थे या फिर प्रॉक्सी इंडिकेटर के सहारे। नई सीरीज में वार्षिक सर्वे डेटा का इस्तेमाल किया गया है। यहां, सांख्यिकी औा कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने ASUSE और PLFS जैसे सर्वे के ताजा आंकड़ों को शामिल किया है, जिससे घरेलू आय, उपभोग और रोजगार से जुड़े अनुमान ज्यादा वास्तविक और समयानुकूल हो गए हैं। इसका मतलब है कि अब ग्रामीण और शहरी खपत की तस्वीर ज्यादा स्पष्ट दिखेगी।
डबल डिफ्लेशन का इस्तेमाल
नई पद्धति में मैन्युफैक्चरिंग और एग्रीकल्चर सेक्टर के लिए डबल डिफ्लेशन लागू किया गया है। पहले सिंगल डिफ्लेशन के जरिए आउटपुट को समायोजित किया जाता था, जिससे इनपुट लागत के बदलाव पूरी तरह कैप्चर नहीं हो पाते थे। अब 260 से ज्यादा आइटम-आधारित CPI डिफ्लेटर के जरिए कीमतों का सूक्ष्म समायोजन किया जा रहा है। इससे रियल ग्रोथ का अनुमान ज्यादा सटीक होगा, खासकर तब जब कमोडिटी कीमतों में उतार-चढ़ाव तेज हो।
यूज टेबल से कम होगा डिस्क्रिपेंसी
नई सीरीज में सप्लाई एंड यूज टेबल फ्रेमवर्क को शामिल किया गया है। यह ढांचा उत्पादन और व्यय आधारित जीडीपी अनुमानों के बीच के अंतर को कम करने में मदद करेगा। इस प्रणाली में इंडस्ट्री का आउटपुट ‘सप्लाई’ माना जाता है और उसका उपयोग ‘यूज’ के रूप में मैप किया जाता है। इससे यह सुनिश्चित किया जाता है कि कुल सप्लाई, कुल डिमांड के बराबर हो। इससे जीडीपी डेटा में आने वाली सांख्यिकीय विसंगतियां कम होंगी।
रेट और रेशियो का अपडेट
कई प्रमुख रेशियो और पैरामीटर को नए सर्वे और स्टडी के आधार पर संशोधित किया गया है। विशेषज्ञ संस्थानों के सहयोग से किए गए अध्ययनों को शामिल किया गया है। इस बदलाव से खासकर अनौपचारिक क्षेत्र, MSME और सेवाओं के आकलन में सुधार होने की उम्मीद है। पहले जहां अनुमान अधिक अनुमानित मॉडल पर आधारित थे, अब वे अधिक डेटा-सपोर्टेड हैं।
बेहतर क्लासिफिकेशन
पहले अगर कोई कंपनी कई गतिविधियों में काम करती थी तो उसका पूरा वैल्यू एडेड उसकी मुख्य गतिविधि में जोड़ दिया जाता था। नई सीरीज में MGT-7 और MGT-7A फाइलिंग में दी गई एक्टिविटी-वाइज टर्नओवर जानकारी के आधार पर वैल्यू एडेड को अलग-अलग बिजनेस सेगमेंट में बांटा जाएगा। इससे सेक्टर-वाइज जीडीपी में अधिक यथार्थवादी तस्वीर उभरेगी, खासकर कांग्लोमरेट कंपनियों के मामले में।
PFCE का अधिक विस्तृत आकलन
प्राइवेट फाइनल कंजम्प्शन एक्सपेंडिचर यानी PFCE की गणना अब संयुक्त पद्धति से की जा रही है। इसमें हाउसहोल्ड कंजम्प्शन सर्वे, प्रोडक्शन डेटा और कमोडिटी फ्लो मेथड को जोड़ा गया है। साथ ही COICOP 2018 क्लासिफिकेशन स्टैंडर्ड को अपनाया गया है, जिससे उपभोग के पैटर्न का अंतरराष्ट्रीय तुलना योग्य डेटा तैयार होगा। इससे यह समझना आसान होगा कि शहरी और ग्रामीण मांग किन कैटेगरी में तेजी या सुस्ती दिखा रही है।
नए डेटा स्रोतों का व्यापक इस्तेमाल
नई जीडीपी सीरीज में GST रिकॉर्ड, PFMS डेटा और e-Vahan रजिस्ट्रेशन जैसे स्रोतों को शामिल किया गया है। GST डेटा से रियल-टाइम बिजनेस गतिविधि का अंदाजा मिलता है, जबकि e-Vahan से ऑटो सेक्टर की मांग की झलक मिलती है। PFMS सरकारी व्यय की बेहतर ट्रैकिंग में मदद करता है। इन स्रोतों से कवरेज बढ़ा है और रिपोर्टिंग लैग कम हुआ है।
7.8% ग्रोथ का क्या मतलब?
नई सीरीज में 7.8% की रियल जीडीपी ग्रोथ यह संकेत देती है कि अर्थव्यवस्था में घरेलू मांग और निवेश दोनों का योगदान रहा है। हालांकि, नई पद्धति के कारण पुराने आंकड़ों से सीधी तुलना सावधानी से करनी होगी। बेस, डिफ्लेशन पद्धति और सेक्टर क्लासिफिकेशन में बदलाव से ग्रोथ रेट की संरचना अलग दिख सकती है। बाजार के लिए यह डेटा दो संकेत देता है। पहला, घरेलू खपत आधारित सेक्टर को सपोर्ट मिल सकता है। दूसरा, मैन्युफैक्चरिंग और एग्रीकल्चर के वास्तविक प्रदर्शन का बेहतर आकलन अब संभव होगा।
