UP-Bihar New Companies : भारत में कारोबार और उद्यमिता की तस्वीर तेजी से बदल रही है। अब बिजनेस शुरू करने की रफ्तार सिर्फ मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरु जैसे बड़े कारोबारी केंद्रों तक सीमित नहीं है। उत्तर प्रदेश, बिहार और हरियाणा जैसे राज्य भी तेजी से नए बिजनेस हब बनकर उभर रहे हैं। खास बात यह है कि कंपनी बनाने की रफ्तार के मामले में बिहार देश के सबसे तेजी से बढ़ते राज्यों में शामिल हो गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश नई कंपनियां जोड़ने के मामले में महाराष्ट्र के बाद दूसरे नंबर पर है।
नई औ सक्रिय कंपनियों की संख्या बढ़ी
Axis Capital की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में देशभर में करीब 2.48 लाख नई कंपनियां जुड़ीं। इसके साथ ही नई कंपनियों के रजिस्ट्रेशन में सालाना आधार पर 37% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। देश में सक्रिय कंपनियों की कुल संख्या बढ़कर करीब 21 लाख हो गई, जो पिछले साल के मुकाबले 12% ज्यादा है। इन सक्रिय कंपनियों की कुल पेड-अप कैपिटल यानी चुकता पूंजी 68.6 लाख करोड़ रुपये रही।
बिहार में सबसे तेज बढ़ीं सक्रिय कंपनियां
रिपोर्ट के मुताबिक, 2015 से 2026 के बीच बिहार में सक्रिय कंपनियों की संख्या 15% की सालाना चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़ी। इस मामले में बिहार देश में सबसे आगे रहा। हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सक्रिय कंपनियों की संख्या बढ़ने की सालाना दर 13% रही। हालांकि, नई कंपनियों की संख्या के लिहाज से उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन खास रहा। जून 2026 तक के पिछले 12 महीनों में यूपी में 27,934 नई कंपनियां जुड़ीं। इस मामले में उत्तर प्रदेश महाराष्ट्र के बाद दूसरे नंबर पर रहा। महाराष्ट्र में इस दौरान सबसे ज्यादा 41,433 नई कंपनियां रजिस्टर्ड हुईं। इसी अवधि में हरियाणा में 13,012 और बिहार में 8,909 नई कंपनियां जुड़ीं। सक्रिय कंपनियों की कुल संख्या की बात करें तो महाराष्ट्र 3,97,713 कंपनियों के साथ पहले स्थान पर है। दिल्ली में 2,72,924 और उत्तर प्रदेश में 1,87,447 सक्रिय कंपनियां हैं।
क्यों बढ़ रहा है छोटे राज्यों में कारोबार?
Axis Capital के मुताबिक, छोटे और पहले अपेक्षाकृत कम विकसित कारोबारी केंद्रों में कंपनियों की संख्या बढ़ने के पीछे कई वजहें हैं। इनमें बेहतर सड़क कनेक्टिविटी, बिजली की उपलब्धता, पानी और दूसरे बुनियादी ढांचे का विकास, कर्ज तक आसान पहुंच और सरकारी नीतियों का समर्थन शामिल है। रिपोर्ट में 2012 से 2024 के बीच सैटेलाइट नाइट-लाइट डेटा का भी विश्लेषण किया गया है। इसके मुताबिक, बिहार में रात के समय रोशनी की तीव्रता 21% की सालाना चक्रवृद्धि दर से बढ़ी। यह आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियों के भौगोलिक विस्तार का एक संकेत है। रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-NCR और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में आर्थिक गतिविधियों का दायरा बढ़ने की बात कही गई है।
सर्विस सेक्टर में सबसे ज्यादा कंपनियां
देश में कंपनियों की बढ़ती संख्या के पीछे सिर्फ मैन्युफैक्चरिंग नहीं, बल्कि सर्विस सेक्टर की भी बड़ी भूमिका है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत की सक्रिय कंपनियों में करीब 67% हिस्सेदारी सर्विस सेक्टर की है। FY26 में सक्रिय कंपनियों की संख्या में हुई कुल सालाना बढ़ोतरी में सर्विस सेक्टर का योगदान 71% रहा। इस क्षेत्र में बिजनेस सर्विसेज, ट्रेडिंग, कम्युनिटी और पर्सनल सर्विसेज की बड़ी हिस्सेदारी है। स्कूल, अस्पताल और सैलून जैसी सेवाएं भी इसमें शामिल हैं। दूसरी ओर, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में भी कारोबार बढ़ रहा है। 2020 से 2026 के बीच सक्रिय मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों की संख्या 8% की सालाना दर से बढ़ी, जबकि इससे पहले के पांच साल में यह दर 2% थी। मेटल, केमिकल, मशीनरी, फूड प्रोसेसिंग और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में कंपनियों की संख्या बढ़ी है।
