Income Tax Return 2026 : आज के डिजिटल दौर में फ्रीलांसिंग या कंसल्टेंसी के जरिए कमाई करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी है। लेकिन जब बात इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल करने की आती है, तो अधिकतर फ्रीलांसर्स उलझन में पड़ जाते हैं। एसेसमेंट ईयर (AY) 2026-27 के लिए बिना टैक्स ऑडिट वाले फ्रीलांसर्स के पास अपना रिटर्न दाखिल करने के लिए 31 अगस्त 2026 तक का समय है। बजट 2026 के संशोधनों के तहत ITR-3 और ITR-4 दाखिल करने की इस समय-सीमा को बढ़ाया गया है। अगर आपका टर्नओवर या ग्रॉस रिसिप्ट्स (कुल प्राप्तियां) तय सीमा से अधिक हैं, तो आपको टैक्स ऑडिट कराना होगा। टैक्स ऑडिट रिपोर्ट अपलोड करने की आखिरी तारीख 30 सितंबर 2026 है, जबकि ऑडिट वाले मामलों में ITR दाखिल करने की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर 2026 रखी गई है। फ्रीलांसर्स को अपनी टैक्स देनदारी सही तरीके से तय करने के लिए 5 मुख्य बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
Income Tax Return भरते समय कभी न करें ये 5 गलतियां
सही ITR फॉर्म का चुनाव: ITR-3 या ITR-4?
फ्रीलांसिंग से होने वाली आय को 'बिजनेस या प्रोफेशन से होने वाले लाभ' (PGBP) की कैटेगरी में रखा जाता है। आम तौर पर फ्रीलांसर्स को ITR-3 फॉर्म भरना होता है। हालांकि, अगर कोई निवासी फ्रीलांसर धारा 44ADA के तहत प्रिजम्प्टिव टैक्सेशन (अनुमानित टैक्स व्यवस्था) का विकल्प चुनता है, तो वह ITR-4 दाखिल कर सकता है। AY 2026-27 के लिए ITR-4 का विकल्प उन फ्रीलांसर्स के लिए उपलब्ध है जिनकी कुल आय 50 लाख रुपये तक है और जिनकी व्यावसायिक आय धारा 44AD, 44ADA या 44AE के तहत आती है। इसके साथ ही, अगर धारा 112A के तहत लॉन्ग-टर्म कैपिटल गेन्स (LTCG) 1.25 लाख रुपये तक है, तब भी यह फॉर्म भरा जा सकता है।
कमाई का सही मिलान और रिकॉन्सिलेशन
केवल बैंक खाते में आए पैसों को जोड़कर रिटर्न भर देना काफी नहीं है। टैक्सपेयर्स को अपने हर इनवॉइस का हिसाब रखना चाहिए और कुल आय का मिलान अपने बैंक स्टेटमेंट्स, Form 26AS, AIS (वार्षिक सूचना विवरण), Form 16A और GST रिकॉर्ड्स से करना चाहिए। अगर आप अलग-अलग पेमेंट गेटवे या विदेशी प्लेटफॉर्म्स के जरिए भुगतान प्राप्त करते हैं, तो सुनिश्चित करें कि कोई भी कमाई छूट न जाए।
टैक्स घटाने के लिए कौन से खर्चे क्लेम करें?
फ्रीलांसर्स की कुल कमाई पर सीधे टैक्स नहीं लगता, बल्कि कुल रिसिप्ट्स में से जायज कारोबारी खर्चों को घटाने के बाद बची 'शुद्ध आय' (प्रॉफिट) पर टैक्स की गणना होती है। आयकर कानून की धारा 37(1) के अनुसार, आप अपने काम से सीधे जुड़े निम्नलिखित खर्चों को क्लेम कर सकते हैं। लैपटॉप, कंप्यूटर और जरूरी उपकरण, सॉफ्टवेयर लाइसेंस और ऐप्स के सब्सक्रिप्शन, इंटरनेट और मोबाइल बिल, ऑफिस या को-वर्किंग स्पेस का किराया, विज्ञापन, मार्केटिंग और वेबसाइट होस्टिंग का खर्च, बिजनेस ट्रैवल और प्रोफेशनल फीस, ध्यान रखें कि ये खर्चे सिर्फ काम से जुड़े होने चाहिए। व्यक्तिगत (पर्सनल) खर्चों को बिजनेस एक्सपेंस के रूप में क्लेम करना गैर-कानूनी है और इसके लिए पर्याप्त कागजी सबूत (बिल/इनवॉइस) होने चाहिए।
धारा 44ADA चुनें या रेगुलर टैक्स सिस्टम?
धारा 44ADA एक आसान व्यवस्था है, जिसमें फ्रीलांसर्स को विस्तृत खाते बनाए रखने की जरूरत नहीं होती। इसके तहत आपकी कुल ग्रॉस रिसिप्ट्स का 50% सीधा टैक्स योग्य लाभ मान लिया जाता है। यह स्कीम 50 लाख रुपये तक की ग्रॉस रिसिप्ट्स वाले चुनिंदा प्रोफेशन्स (जैसे इंजीनियर, डॉक्टर, वकील, IT प्रोफेशनल, आर्किटेक्ट, सीए, इंटीरियर डेकोरेटर आदि) के लिए उपलब्ध है। अगर आपकी नकद प्राप्तियां कुल रिसिप्ट्स के 5% से अधिक नहीं हैं, तो यह सीमा बढ़कर 75 लाख रुपये हो जाती है। अगर आपके वास्तविक खर्चे कुल कमाई के 50% से अधिक हैं (जैसे भारी किराया, टीम की सैलरी या महंगा इंफ्रास्ट्रक्चर), तो आपको रेगुलर टैक्स सिस्टम (ITR-3) चुनना चाहिए। वहीं, अगर आपके खर्चे बहुत कम हैं, तो धारा 44ADA चुनकर आप आसानी से रिटर्न दाखिल कर सकते हैं।
विदेशी ग्राहकों से कमाई और कानूनी नियम
अगर आप विदेश में बैठे क्लाइंट्स के लिए काम करते हैं, तो वह आय भी भारत में पूरी तरह से टैक्स योग्य है। विदेशी भुगतान को SBI के 'टेलीग्राफिक ट्रांसफर बाइंग रेट' के अनुसार भारतीय रुपये में परिवर्तित करके दर्शाना होता है। विदेशी क्लाइंट्स भारत में TDS नहीं काटते, इसलिए फ्रीलांसर्स को अपनी टैक्स देनदारी खुद कैलकुलेट करके समय पर 'एडवांस टैक्स' जमा करना अनिवार्य है। इसके अलावा, FEMA (विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम) के तहत यह 'सेवाओं का निर्यात' माना जाता है। आपको अपने बैंक से हर विदेशी भुगतान का FIRC (Foreign Inward Remittance Certificate) प्राप्त करके कम से कम 6 वर्षों तक सुरक्षित रखना चाहिए।
