ICICI Bank KYC Alert: ICICI Bank ने अपने ग्राहकों को KYC (Know Your Customer) अपडेट के नाम पर हो रही धोखाधड़ी को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। अगर आप भी आईसीआईसी बैंक के ग्राहक हैं तो बैंक की ओर से जारी इस अपडेट को नजरअंदाज न करें। बैंक की ओर से ऑफिशियल एक्स हैंडल से कहा गया है कि ग्राहकों को KYC अपडेट को लेकर Urgent!! Update your KYC now or your account will be suspended का मैसेज या कॉल आता है तो यह स्कैमर्स का जाल हो सकता है। बैंक की ओर से कहा गया है कि इस तरह के मैसेज में दिए गए लिंक पर भूलकर भी क्लिक न करें।
ICICI Bank Alert (Photo: iStock)
KYC फ्रॉड कैसे होता है
ठग खुद को बैंक अधिकारी बताकर ग्राहकों को डराते हैं कि अगर तुरंत KYC अपडेट नहीं किया गया तो ग्राहक का बैंक अकाउंट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद वे एक लिंक भेजते हैं या कॉल पर ही OTP, डेबिट कार्ड डिटेल्स, या इंटरनेट बैंकिंग जानकारी मांगते हैं। जैसे ही ग्राहक यह जानकारी साझा करता है, उसके खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं।
फ्रॉड मैसेज की कैसे करें पहचान
ICICI Bank (Photo: X handle/@ICICIBank)
जल्दबाजी या डर पैदा करना
ऐसे मैसेज में ग्राहक को तुरंत कार्रवाई करने के लिए डराया जाता है जैसे अकाउंट बंद होने की धमकी देना। इसका उद्देश्य होता है कि व्यक्ति बिना सोचे-समझे जल्दबाजी में गलत कदम उठा ले।
अनजान लिंक या संदिग्ध वेबसाइट
फ्रॉड मैसेज में अक्सर ऐसे लिंक दिए जाते हैं, जो असली बैंक वेबसाइट जैसे दिखते हैं लेकिन नकली होते हैं। इन पर क्लिक करने से आपकी निजी जानकारी चुरा ली जा सकती है।
निजी जानकारी की मांग
ठग कॉल या मैसेज के जरिए OTP, डेबिट कार्ड नंबर या पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी मांगते हैं। याद रखें, कोई भी बैंक कभी इस तरह की जानकारी सीधे नहीं मांगता।
भाषा में गलतियां या अनौपचारिक शैली
ऐसे मैसेज में अक्सर व्याकरण की गलतियां या अजीब शब्दों का इस्तेमाल होता है। यह एक संकेत हो सकता है कि मैसेज किसी असली संस्था द्वारा नहीं भेजा गया है।
खुद को कैसे सुरक्षित रखें?
ICICI Bank के अनुसार इन बातों का ध्यान रखकर आप खुद को सुरक्षित रख सकते हैं-
- अनजान लिंक पर क्लिक करने से आप नकली वेबसाइट पर पहुंच सकते हैं, जहां आपकी जानकारी चोरी हो सकती है। हमेशा लिंक खोलने से पहले उसकी विश्वसनीयता जांच लें। खासकर SMS, WhatsApp या ईमेल से आए लिंक पर क्लिक करने से बचें।
- OTP, PIN या पासवर्ड जैसी जानकारी पूरी तरह गोपनीय होती है और इसे किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए। बैंक या कोई भी अधिकारी कभी आपसे यह जानकारी नहीं मांगता।
- हमेशा KYC अपडेट करने के लिए बैंक की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या नजदीकी शाखा का ही उपयोग करें। इससे आपकी जानकारी सुरक्षित रहती है और धोखाधड़ी से बचाव होता है।
- अगर कोई कॉलर खुद को बैंक अधिकारी बताकर जानकारी मांगता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं। पहले उसकी पहचान की पुष्टि करें और बिना जांचे-परखे कोई भी जानकारी साझा न करें।
फ्रॉड हो जाए तो क्या करें?
अगर आप किसी धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं तो बिना देर किए तुरंत कार्रवाई करना बेहद जरूरी है, क्योंकि समय पर उठाया गया कदम आपके पैसे को बचा सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत 1930 (Cyber Crime Helpline) पर कॉल करें या cybercrime.gov.in वेबसाइट पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज करें, ताकि संबंधित एजेंसियां जल्दी कार्रवाई कर सकें। इसके अलावा, अगर आपको कोई संदिग्ध कॉल, मैसेज या ईमेल प्राप्त होता है, तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय तुरंत अपने बैंक को रिपोर्ट करें, जिससे भविष्य में होने वाली संभावित धोखाधड़ी से बचा जा सके। इसके अलावा, संदिग्ध कॉल, मैसेज या ईमेल प्राप्त होता है तो सरकार के संचार साथी पोर्टल का इस्तेमाल करें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
