Hurun Global Rich List 2025: भारत के 284 अरबपतियों की कुल संपत्ति देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का एक-तिहाई हिस्सा है। गुरुवार को जारी ‘हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट’ के अनुसार, अडानी ग्रुप का नेतृत्व करने वाले गौतम अडानी की संपत्ति (Gautam Adani Net Worth) में वैश्विक स्तर पर सबसे अधिक इजाफा हुआ। उनकी संपत्ति एक लाख करोड़ रुपये बढ़कर 8.4 लाख करोड़ रुपये हो गई है। सालाना रिपोर्ट के मुताबिक रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी की संपत्ति (Mukesh Ambani Net Worth) 13 प्रतिशत घटकर 8.6 लाख करोड़ रुपये रह गई है। हालांकि, सबसे अमीर एशियाई का खिताब उन्होंने फिर से हासिल कर लिया है। अडानी को हिंडनबर्ग रिपोर्ट द्वारा उनके ग्रुप में प्रशासनिक खामियों की ओर इशारा किए जाने के बाद काफी नुकसान उठाना पड़ा था। हालांकि उन्होंने ने पिछले वर्ष अपनी संपत्ति में 13 प्रतिशत की वृद्धि देखी।
भारत में अबरपतियों की संख्या बढ़ी (प्रतीकात्मक तस्वीर-Canva)
Hurun Global Rich List : देश में 284 अरबपति
रिपोर्ट में कहा गया देश में 284 अरबपति (Indian billionaires Number) हैं, जिनकी कुल संपत्ति 10 प्रतिशत बढ़कर 98 लाख करोड़ रुपये या देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का एक-तिहाई हो गई है।
Hurun Global Rich List : भारत ने चीन को पीछे छोड़ा
देश के कुछ ही हाथों में संपत्ति के संकेन्द्रण की चिंताओं के बीच जारी लिस्ट के मुताबिक भारत ने प्रत्येक अरबपति की औसत संपत्ति के मामले में चीन को पीछे छोड़ दिया है। चीन के 29,027 करोड़ रुपये की तुलना में देश में प्रत्येक अरबपति की औसत संपत्ति 34,514 करोड़ रुपये है। लिस्ट में ‘कट-ऑफ’ तारीख 15 जनवरी मानी गई है। इसमें कहा गया कि पिछले वर्ष 175 भारतीय अरबपतियों की संपत्ति (Indian billionaires Net Worth) में वृद्धि हुई है, जबकि 109 की नेटवर्थ में गिरावट आई है या वह स्थिर रही है।
Hurun Global Rich List : सबसे अमीर भारतीय महिला
रोशनी नादर (Roshni Nadar) 3.5 लाख करोड़ रुपये की कुल आय के साथ सबसे अमीर भारतीय महिला और विश्व स्तर पर 5वीं सबसे अमीर महिला बन गई हैं। उनके पिता ने एचसीएल में 47 प्रतिशत हिस्सेदारी उन्हें हस्तांतरित की है।
Hurun Global Rich List : सबसे युवा भारतीय अरबपति
वहीं रेजरपे के शशांक कुमार और हर्षिल माथुर 8,643 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे युवा भारतीय अरबपति हैं। सूची के अनुसार, भारतीय अरबपतियों की औसत आयु 68 वर्ष है, जो वैश्विक अरबपतियों की औसत आयु से दो वर्ष अधिक है।
