विदेश में नौकरी करने का सपना देखने वाले कई भारतीयों के लिए दुबई (Dubai) एक लोकप्रिय विकल्प है। खासकर ड्राइविंग का अनुभव रखने वाले लोग दुबई में टैक्सी ड्राइवर की नौकरी करने में रुचि दिखाते हैं। लेकिन यह सवाल आपके भी जेहन में आता होगा कि दुबई में एक टैक्सी ड्राइवर (Dubai Taxi Driver) हर महीने कितने रुपये तक की कमाई कर सकता है? दुबई में एक टैक्सी ड्राइवर की जिंदगी कैसी होती है, उसे नौकरी कैसे मिलती है और वह कितनी कमाई कर लेता है, इस आर्टिकल में यही जानकारी देने जा रहे हैं-
दुबई में टैक्सी ड्राइवर की जॉब (AI Generated Image)
कैसे मिलती है टैक्सी ड्राइवर की नौकरी
दुबई में टैक्सी ड्राइवर की नौकरी कंसल्टेंसी के जरिेए मिल सकती है। दुबई पहुंचने के बाद उम्मीदवारों को कई औपचारिक प्रक्रियाओं से गुजरना पड़ता है। इसमें डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन, मेडिकल टेस्ट, टैक्सी लाइसेंस और परमिट हासिल करना शामिल है। इन सभी प्रक्रियाओं को पूरा करने में कुछ समय लगता है। इसके बाद कंपनी की ओर से नए ड्राइवरों को लगभग तीन महीने की ट्रेनिंग भी दी जाती है, ताकि वे स्थानीय नियमों और कामकाज के तरीके को अच्छी तरह समझ सकें।
हर महीने कितनी होती है कमाई?
टैक्सी ड्राइवरों को केवल निश्चित वेतन पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। कंपनी की ओर से लगभग 800 AED (यूएई दिरहम) की बेसिक सैलरी दी जाती है। इसके अलावा ड्राइवरों को उनकी कमाई पर लगभग 25 प्रतिशत तक कमीशन भी मिलता है। यही कमीशन उनकी कुल आय को बढ़ाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाता है। अगर कोई ड्राइवर मेहनत से काम करता है और ज्यादा घंटे टैक्सी चलाता है, तो उसकी मासिक कमाई 3,000 से 4,000 AED तक पहुंच सकती है। भारतीय रुपये में देखें तो यह राशि लगभग 1 लाख रुपये प्रति माह के बराबर बैठती है। हालांकि वास्तविक कमाई ड्राइवर के प्रदर्शन, यात्रियों की संख्या और काम के घंटों पर निर्भर करती है।
रहने और अन्य सुविधाएं
दुबई में नौकरी करने वाले लोगों के लिए रहने का खर्च अक्सर बड़ी चिंता होती है। लेकिन टैक्सी ड्राइवर्स को कंपनी की ओर से कई महत्वपूर्ण सुविधाएं मुफ्त उपलब्ध करवाई जाती हैं। कंपनी कर्मचारियों को रहने के लिए आवास, यूनिफॉर्म और लॉन्ड्री सेवा उपलब्ध करवाती हैं। ड्राइवरों का सबसे बड़ा खर्च केवल खाने पर होता है। इससे उनकी बचत करने की क्षमता भी बढ़ जाती है।
नियमों का सख्ती से पालन जरूरी
दुबई में ट्रैफिक नियम बेहद सख्त माने जाते हैं। टैक्सी ड्राइवरों को हर स्थिति में नियमों का पालन करना पड़ता है। अगर कोई ड्राइवर रेड सिग्नल जंप करता है, तो उसे 4,000 AED तक का भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है। इसके अलावा वाहन जब्त किए जाने जैसी कार्रवाई भी हो सकती है। इसी कारण वहां काम करने वाले ड्राइवरों को हमेशा सावधानी से वाहन चलाने और सभी नियमों का पालन करने की सलाह दी जाती है।
दुबई में टैक्सी ड्राइवर की नौकरी अच्छी कमाई का अवसर प्रदान कर सकती है, लेकिन इसके लिए मेहनत और अनुशासन जरूरी है। नए लोगों को नियमों, संस्कृति और कार्यशैली के अनुसार खुद को ढालने के लिए मानसिक रूप से तैयार रहना चाहिए।
