HDFC Bank Share Price Today: दिसंबर तिमाही के नतीजे के बाद आज सुबह एचडीएफसी बैंक के शेयरों में तेज गिरावट देखने को मिल रही है। बुधवार को बीएसई पर शुरुआती कारोबार में एचडीएफसी बैंक के शेयर करीब सात फीसदी टूट गए। एचडीएफसी बैंक के शेयर 1,678.95 रुपये के पिछली क्लोजिंग के मुकाबले आज सुबह 1,583.85 रुपये पर ओपन हुए। इसके बाद शेयर 6.5 फीसदी टूटकर 1,570 रुपये के स्तर पर आ गए। सुबह 9:30 बजे के आसपास, बीएसई पर एचडीएफसी बैंक के शेयर 6.07 फीसदी की गिरावट के साथ 1,577 रुपये पर कारोबार कर रहे थे।
एचडीएफसी बैंक
तिमाही के नतीजे
इस बीच तीसरी तिमाही के नतीजों के बाद एचडीएफसी बैंक के यूएस-मार्केट में लिस्टेड शेयर NYSE पर 6.71 फीसदी तक गिर गए। एचडीएफसी बैंक ने मंगलवार को वित्त वर्ष 24 की तीसरी तिमाही में अपने नेट प्रॉफिट में 33 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है। बैंक का मुनाफा 16,372 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो पिछले साल की इसी तिमाही में 12,259 करोड़ रुपये पर था।
एचडीएफसी बैंक का ग्रॉस नॉन परफॉर्मिंग एसेट (NPA) में वित्त वर्ष 24 की तीसरी तिमाही में 1.26 फीसदी दर्ज की गई। यह पिछले वित्त वर्ष में 1.23 प्रतिशत थी। वित्त वर्ष 24 की तीसरी तिमाही में नेट एनपीए 0.31 फीसदी रहा, जो पिछले साल 0.33 फीसदी था।
स्टॉक की चाल
पिछले एक साल में बेंचमार्क सेंसेक्स में 25 फीसदी की बढ़ोतरी के मुकाबले एचडीएफसी बैंक के स्टॉक में 5 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। 3 जुलाई, 2023 को एचडीएफसी बैंक के शेयर 52-सप्ताह के हाई लेवल 1,757 रुपये पर पहुंच थे। एचडीएफसी बैंक के शेयर आज बुरी तरह टूटे हैं, जबकि बैंक ने दिसंबर की तिमाही में इन-लाइन नतीजे हासिल किए हैं। बताया जा रहा है कि निवेशक तीसरी तिमाही के मार्जिन को लेकर चिंतित दिख रहे हैं, जो काफी हद तक सपाट रहा।
