अगर अपने बिजनेस के GSTIN पर iPhone, Laptop या कोई महंगा गैजेट (Gadget) खरीदा है और उसका इस्तेमाल असल में बिजनेस की जगह आपके पर्सनल काम के लिए हो रहा है या फिर उसे आपके दोस्त या परिवार वाले इस्तेमाल कर रहे हैं, तो यह आपके लिए एक बड़ी मुश्किल बन सकता है। क्योंकि, GST का इनपुट टैक्स क्रेडिट यानी ITC व्यक्तिगत इस्तेमाल के लिए खरीदी जाने वाली चीजों के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। इस मुद्दे पर फाइनेंशियल एक्सपर्ट संजय कथुरिया ने GST लॉयर एश्वर्य शर्मा के साथ एक्सप्लेन किया है।
गलत इनपुट क्रेडिट लेना पड़ सकता है महंगा
Finance expert संयज कथूरिया (Sanjay Kathuria) ने एक पॉडकास्ट में शर्मा के सामने सवाल उठाया कि बहुत से लोग अपने बिजनेस के नाम पर आईफोन, लैपटॉप जैसे कई तरह के गैजेट्स खरीद लेते हैं। इसके बाद वे इन्हें बिजनेस प्रॉपर्टी बताकर इनपुट क्रेडिट लेते हैं। इसकी वजह से अच्छी खासी बचत हो जाती है। क्या यह सही तरीका है।, इसका जवाब देते हुए एश्वर्य शर्मा ने बताया कि यह पूरी तरह गलत है। इसके साथ ही उन्होंने लोगों को चेताते हुए कहा कि यह होशियारी असल में बहुत भारी पड़ सकती है।
गलत इनपुट क्रेडिट लेने का क्या नुकसान?
आमतौर पर यही समझा जाता है कि जब कोई व्यक्ति छोटा बिजनेस चलाता है, तो वह अपने ज्यादातर खर्चों को बिजनेस के खर्च के तौर पर दिखाकर GST का इनपुट क्रेडिट ले सकता है। लेकिन, जीएसटी लॉयर एश्वर्य शर्मा का कहना है कि यह GST इनपुट क्रेडिट से जुड़े नियमों का साफ उल्लंघन है। इस तरह के मामलों में व्यक्ति पर भारी जुर्माना लग सकता है।
कैसे पकड़ में आएंगे कि गलत इस्तेमाल कर रहे?
एश्वर्य शर्मा बताते हैं कि अब टैक्स विभाग सिर्फ आपके कागजों को नहीं देखता है। बल्कि, AI के जरिये भी नजर रखी जाती है। अगर आपके GST अकाउंट का हिसाब-किताब एआई लगाएगा और देखेगा कि आपकी कंपनी या फर्म में सिर्फ 5 लोग काम करते हैं, जबकि आपक 8 आईफोन खरीद चुके हैं, तो सिस्टम तुरंत इस तरह की विसंगतियों को फ्लैग कर देगा। शुरुआत में इस तरह के मामले में एक सामान्य मैसेज आ सकता है। लेकिन, बाद में यह मुसीबत बढ़ाने वाली चीज साबित हो सकती है।
पर्सनल इस्तेमाल के सामान पर ITC नहीं
GST का सबसे सीधा नियम यह है कि बिजनेस से जुड़े काम पर हुए खर्च पर ही ITC लिया जा सकता है। CGST Act की धारा 16 बिजनेस के लिए इस्तेमाल होने वाली चीजों पर ITC की छूट देती है। लेकिन, धारा 17(5) में व्यक्तिगत उपयोग वाली चीजों पर ITC को प्रतिबंधित किया गया है। यानी कंपनी के GSTIN पर iPhone खरीदना अपने आप में गलत नहीं है। अगर फोन वास्तव में बिजनेस के काम आ रहा है, तो GST इनपुट लिया जा सकता है। लेकिन, अगर इसे व्यक्तिगत काम ले रहे हैं, तो दिक्कत हो सकती है।
कितना लग सकता है जुर्माना?
अगर आप आज अपने बिजनेस के नाम पर 118000 रुपये का आईफोन खरीदते हैं। इसमें 18% के हिसाब से 18000 रुपये जीएसटी चुकाते हैं। बाद में GST पर इनपुट क्रेडिट के जरिये 18000 वापस ले लेते हैं। लेकिन, यह फोन आप अपने दोस्ते को दे देते हैं। फिलहाल, भले ही आपको इनपुट क्रेडिट मिल जाए और GST की तरफ से कोई नोटिस नहीं मिले, लेकिन इस तरह के मामलो में 5 साल तक कभी भी र्कारवाई की जा सकती है। इसके बाद जब कार्रवाई होती है, तो गलत तरीके से लिए गए इनपुट क्रेडिट का 3 गुना तक ब्याज सहित भुगतान करना पड़ सकता है।
क्या गिफ्ट करना बिजनेस का हिस्सा नहीं?
GST के नियमों में यह साफ किया गया है कि Gifts के मामले में नियम और साफ है। GST के Section 17(5) के तहत गिफ्ट या फ्री सैंपल के रूप में दिए गए सामान पर ITC उपलब्ध नहीं होता। यानी कंपनी अगर किसी क्लाइंट, कर्मचारी या किसी दूसरे व्यक्ति को गिफ्ट देने के लिए कोई महंगा सामान खरीदती है, तो सिर्फ GST इनवॉइस होने से उस पर ITC नहीं मिल जाएगा।
Expert Views : यह जानकारी फाइनेंशियल एक्सपर्ट और फिनफ्लूएंसर संजय कथूरिया और GST लॉयर एश्वर्य शर्मा की बातचीत पर आधारित है।
