अगर आप आईपीओ से कमाई करने के लिए बाजार में किसी बड़े आईपीओ का इंतजार कर रहे हैं तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। भारत में ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म की दुनिया में बड़ा नाम बन चुका Groww अब शेयर बाजार में उतरने की तैयारी में है। ग्रो की पेरेंट कंपनी Billionbrains Garage Ventures Ltd का IPO 4 नवंबर से खुल रहा है और इससे पहले ही बाजार में इसका क्रेज साफ तौर पर देखने को मिल रहा है।
ग्रे मार्केट में ग्रो के शेयरों पर करीब 13 रुपए यानी लगभग 13% का प्रीमियम मिल रहा है। इसका मतलब है कि मार्केट में लिस्टिंग गेन को लेकर उम्मीदें बहुत मजबूत हैं और निवेशकों का रुझान इस IPO की तरफ काफी तेज है। ग्रो आज भारत के टॉप ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म्स में शामिल है और इसके 1.4 करोड़ से ज्यादा एक्टिव रिटेल इन्वेस्टर्स हैं, जिससे यह IPO बाजार में और भी खास हो जाता है।
आईपीओ की खास डिटेल्स
Groww का IPO 4 नवंबर से 7 नवंबर तक ओपन रहेगा। कंपनी ने इस इश्यू के लिए ₹95 से ₹100 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। एक लॉट में 150 शेयर होंगे। IPO का कुल साइज ₹6,632.30 करोड़ है, जिसमें से ₹1,060 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे और ₹5,572.30 करोड़ का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। एंकर इनवेस्टर्स के लिए बोली 3 नवंबर को खुली थी, जबकि कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 12 नवंबर को BSE और NSE पर होने की उम्मीद है।
किसे कितना हिस्सा मिलेगा?
इस IPO में 75% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIBs), 10% रिटेल इन्वेस्टर्स और 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व है। यानी रिटेल इन्वेस्टर्स को कम हिस्सा मिला है, लेकिन मजबूत डिमांड का फायदा उन्हें लिस्टिंग पर मिल सकता है।
IPO के फंड का इस्तेमाल कहां होगा?
कंपनी ने बताया है कि IPO से मिलने वाले फंड का इस्तेमाल क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, ब्रांड बिल्डिंग और मार्केटिंग में खर्च, सब्सिडियरी कंपनियों GCS और GIT में निवेश, संभावित अधिग्रहण (Acquisition) और अन्य कॉरपोरेट कामों में किया जाएगा। ये निवेश ग्रो की टेक्नोलॉजी और सर्विस को और मजबूत बनाएंगे।
कंपनी का कामकाज और हाल
वित्त वर्ष 2025 में ग्रो का रेवेन्यू 45% बढ़ा है और कंपनी का शुद्ध मुनाफा 327% की शानदार बढ़त के साथ उछला है। इसी साल की पहली तिमाही में कंपनी ने ₹948.47 करोड़ का रेवेन्यू और ₹378.37 करोड़ का नेट प्रॉफिट दर्ज किया। कंपनी का EBITDA ₹418.75 करोड़ रहा, जबकि कंपनी पर कुल ₹324.08 करोड़ की उधारी है। यह दर्शाता है कि कंपनी की फाइनेंशियल ग्रोथ काफी मजबूत है और बिजनेस मॉडल सफल साबित हो रहा है।
ग्रे मार्केट में कितना मुनाफा?
ग्रो के शेयर ग्रे मार्केट में अभी 13 रुपए प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं, जो इस बात का संकेत है कि निवेशकों में उत्साह काफी ज्यादा है। हालांकि ग्रे मार्केट अनऑफिशियल होता है और इसे अंतिम संकेत नहीं माना जाता, लेकिन यह शुरुआत में मिलने वाले रेस्पॉन्स का अंदाजा जरूर देता है।
Groww IPO फिलहाल काफी चर्चा में है और आंकड़े भी बड़ी ग्रोथ दिखा रहे हैं। टेक और फिनटेक सेक्टर में निवेश करने वालों के लिए यह एक मजबूत विकल्प हो सकता है। लेकिन हर निवेश की तरह इसमें भी जोखिम है, इसलिए अपनी रिस्क प्रोफाइल के हिसाब से निर्णय लें और जरूरत हो तो फाइनेंशियल एडवाइजर की सलाह भी जरूर लें।
(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
