Gold and Silver Rate Today, 18 October 2022: अगले हफ्ते धनतेरस (Dhanteras) और दिवाली (Diwali) के त्योहार से पहले देश में सोने और चांदी की कीमत में तेजी आई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मंगलवार को कीमती धातुएं तेजी के साथ कारोबार कर रही हैं। घरेलू बाजार में दिसंबर की डिलीवरी वाला सोना वायदा 50,364 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। चांदी की बात करें, तो चांदी वायदा 373 रुपये या 0.66 फीसदी की तेजी के साथ 56,239 रुपये पर कारोबार कर रही थी।
Gold and Silver Rate Today: धनतेरस से पहले बढ़ गए गोल्ड-सिल्वर के दाम
डॉलर के मुकाबले इतना है रुपया
भारत में कीमती धातुओं की कीमत वैश्विक मांग के साथ- साथ डॉलर के मुकाबले रुपये के मूल्य जैसे कई कारकों पर निर्भर करती हैं। पिछले सप्ताह भारत में सोने की फिजिकल खरीदारी में सुधार हुआ। मंगलवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजारों में तेजी और डॉलर इंडेक्स में कमजोरी की वजह से अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 22 पैसे बढ़कर 82.08 पर पहुंच गया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 82.21 के स्तर पर खुला था। सोमवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 11 पैसे की गिरावट के साथ 82.30 पर बंद हुआ था।
इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, हाजिर बाजार में सोमवार को सबसे ज्यादा शुद्धता वाला सोना 50,430 रुपये प्रति 10 ग्राम जबकि चांदी 55,643 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिकी। पिछले एक सप्ताह से सोने की हाजिर कीमत 51,000 रुपये प्रति 10 ग्राम से नीचे रही है, जबकि समीक्षाधीन अवधि में चांदी 3,330 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक गिर गई है।
ग्लोबल मार्केट में भी महंगा हुआ सोना-चांदी
ग्लोबल मार्केट में सोना और चांदी दोनों महंगे हुए हैं। गोल्ड 1.11 फीसदी बढ़कर 1667 डॉलर पर पहुंच गया। चांदी की कीमत 3.18 फीसदी ऊपर 18.65 डॉलर पर आ गई। कॉपर सपाट स्तर पर यानी 343 डॉलर पर रहा। इसके अलावा जिंक 1.38 फीसदी महंगा होकर 2941 डॉलर हो गया और एल्युमिनियम 2.27 फीसदी सस्ता होकर 2306 डॉलर पर पहुंच गया।
क्रूड ऑयल की कीमत आज सपाट है। ब्रेंट क्रूड ऑयल 91.71 डॉलर प्रति बैरल का हो गया। वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI Crude) 85.61 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई।
