EPACK Durable IPO: एयर कंडीशनर (AC) कंपनी ईपैक ड्यूरेबल (EPACK Durable) का 640 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) 19 जनवरी को खुलेगा। कंपनी ने इसका प्राइस बैंड (Price Band) 218-230 रुपये प्रति शेयर तय किया है। आईपीओ में 400 करोड़ रुपये के नए शेयरों की बिक्री होगी। इसमें प्रवर्तकों, प्रवर्तक समूह के सदस्यों और मौजूदा शेयरधारकों की 240 करोड़ रुपये की बिक्री पेशकश (OFS) शामिल है। ये सामूहिक रूप से 1.3 करोड़ शेयर बेच रहे हैं। आईपीओ से पहले प्रवर्तकों के पास कंपनी की 67 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
ईपैक आईपीओ
कंपनी का क्या है प्लान
कंपनी के चेयरमैन बजरंग बोथरा ने पीटीआई-भाषा को बताया कि आईसीआईसीआई वेंचर्स के स्वामित्व वाले दो निवेशक शेयरधारक- इंडिया एडवांटेज फंड एस4 आई और डायनमिक इंडिया फंड एस4 यूएस1 कंपनी में अपनी कुल 20 प्रतिशत हिस्सेदारी का एक-तिहाई हिस्सा बेचेंगे। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर आईपीओ से 640 करोड़ रुपये जुटने की संभावना है।
23 जनवरी तक निवेश का मौका
आईपीओ में एंकर निवेशकों को एक दिन पहले 18 जनवरी से इश्यू में पैसे लगाने का मौका मिल रहा है। वहीं रिटेल निवेशक 23 जनवरी 2024 तक बोली लगा सकते हैं। कंपनी ने शेयर अलॉटमेंट की तारीख 24 जनवरी, 2024 को तय की है। वहीं जिन लोगों को शेयर अलॉट नहीं होंगे. उन निवेशकों को 24 जनवरी को रिफंड मिलेगा। जबकि डीमैट खाते में शेयर 25 जनवरी को ट्रांसफर होंगे और शेयरों की लिस्टिंग 29 जनवरी को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज पर हो सकती है।
