Elon Musk 673 अरब डॉलर यानी करीब 60,57,000 हजार करोड़ रुपये की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं। यह आंकड़ा कितना बड़ा इै, इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि यह करीब उतनी ही रकम है, जितनी रकम भारत के पास विदेशी मुद्रा भंडार में है।बहरहाल, मुद्दा मस्क की अमीरी नहीं, बल्कि टैक्स है।
टैक्स पर छलका मस्क का दर्द
अमेरिका में अमीरों की तरफ से टैक्स के जरिये इकोनॉमी में योगदान को लेकर बहस छिड़ी है। इसी बहस में अपनी दलील रखते हुए मस्क ने दावा किया है कि उन्होंने 1 साल के भीतर 10 बिलियन डॉलर, यानी करीब 95 हजार करोड़ रुपये टैक्स में दिए हैं। इसके साथ ही मस्क का दावा है कि जब तक वे मरेंगे, तब तक करीब 1 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 95 लाख करोड़ रुपये टैक्स के तौर पर दे चुके होंगे।
Elon Musk ने क्या कहा?
Elon Musk ने दावा किया है कि उन्होंने एक साल में 10 अरब डॉलर से ज्यादा टैक्स चुकाया था और यह इतिहास में किसी भी व्यक्ति द्वारा दिया गया सबसे बड़ा टैक्स भुगतान हो सकता है। Musk ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट का जवाब देते हुए यह बात कही।
अमीरों के टैक्स पर उठा सवाल
रिपोर्ट के मुताबिक X पर एक पोस्ट में कहा गया था कि अमेरिका में सबसे अमीर 1% लोग 2022 में कुल Federal Income Tax का 40% हिस्सा भर रहे थे, जबकि उनकी Adjusted Gross Income में हिस्सेदारी 22% थी। इसी पोस्ट के जवाब में Musk ने लिखा कि उन्होंने एक ही साल में 10 बिलियन डॉलर से ज्यादा टैक्स दिया है।
स्टॉक ऑप्शन पर 45% टैक्स का दावा
मस्क ने कहा कि अगर वह अपने शेयर बेचने (Stock Options) के अधिकार का इस्तेमाल करते हैं, तो संघीय (Federal) और राज्य (State) टैक्स मिलाकर लगभग 45% टैक्स देना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि कैलिफोर्निया (California) छोड़ने के बावजूद वहां बिताए हर दिन के लिए उन्हें टैक्स देना पड़ता है। उन्होंने आगे कहा कि उनकी मृत्यु के बाद संपत्ति कर (Estate Tax) के रूप में अतिरिक्त 40% टैक्स भी लिया जाएगा। मस्क के मुताबिक जब तक वे मरेंगे, करीब 1 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 95 लाख करोड़ रुपये टैक्स के रूप में चुका देंगे।
कैलिफोर्निया के टैक्स पर छिड़ी बहस
मस्क ने यह पोस्ट तब किया है, जब अमेरिकी राज्य कैलिफोर्निया में California Wealth Tax पर बहस छिड़ी है। इसके तहत अरबपतियों पर 5% Wealth Tax लगाने की योजना है। प्रस्ताव के तहत 1 अरब डॉलर से अधिक नेटवर्थ वाले लोगों पर एकमुश्त 5% टैक्स लगाया जाएगा। मस्क पहले भी इस प्रस्ताव की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि अगर टैक्स इसी तरह बढ़ते रहे तो “पृथ्वी छोड़ना बेहतर हो सकता है।”
कैलिफोर्निया छोड़ रहे अरबपति
US मीडिया की तमाम रिपोर्ट्स में बताया गया है कि बढ़ते टैक्स और रेगुलेटरी अनिश्चितता के चलते कई तमाम अरबपति कैलिफोर्निया छोड़ चुके हैं।
गूगल के फाउंडर लैरी पेज (Larry Page) फ्लोरिडा (Florida) शिफ्ट हो चुके हैं, वहीं, को-फाउंडर सर्गेई ब्रिन (Sergey Brin) ने भी कैलिफोर्निया छोड़ दिया है। इसी तरह ओरकल के लैरी एलिसन (Larry Ellison) और उद्यमी पीटर थील (Peter Thiel) भी दूसरे राज्यों में जा चुके हैं। फेसबुक के फाउंडर मार्क जकरबर्ग (Mark Zuckerberg) ने भी दक्षिण फ्लोरिडा में घर खरीदा है।
