Donald Trump announces 25 percent tariff on imported cars: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को घोषणा की कि अमेरिका में इंपोर्टेड कारों पर 25% टैरिफ (चार्ज) लगाएंगे। ट्रम्प का दावा है कि इस कदम से घरेलू निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और सालाना 100 अरब डॉलर की अतिरिक्त रेवेन्यू मिलेगा। ट्रम्प ने कहा कि "यह स्थायी फैसला है, जिससे अमेरिकी फैक्ट्रियों को मजबूती मिलेगी और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर निर्भरता कम होगी।" हालांकि, इस निर्णय से कार की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है और उपभोक्ताओं को इसका बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस नीति का वैश्विक व्यापार पर भी गहरा प्रभाव पड़ेगा।
अमेरिका में कार इंपोर्ट पर 25% टैरिफ।
टैरिफ लागू होने से क्या बदलेगा?
1. अमेरिकी सरकार को मिलेगा 100 अरब डॉलर का रेवेन्यू
व्हाइट हाउस का अनुमान है कि इस टैरिफ से अमेरिका को सालाना 100 अरब डॉलर की कमाई होगी, जिससे बजट घाटा कम किया जा सकता है।
2. कारों की कीमतें बढ़ेंगी
यदि ऑटो कंपनियां यह लागत ग्राहकों पर डालती हैं, तो एक आयातित कार की कीमत $12,500 (करीब 10 लाख रुपये) तक बढ़ सकती है।
3. अमेरिकी उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा
ट्रम्प प्रशासन का मानना है कि इससे कंपनियां अमेरिका में फैक्ट्रियां स्थापित करेंगी, जिससे नई नौकरियां पैदा होंगी।
4. वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला पर असर
अमेरिका में कई कंपनियां कार के पुर्जे मेक्सिको, कनाडा और एशिया से मंगाती हैं। अब कंपनियों को या तो महंगी लागत झेलनी होगी या उत्पादन ढांचे को बदलना होगा।
5. कंपनियों के शेयरों में गिरावट
घोषणा के बाद जनरल मोटर्स और स्टेलेंटिस (Jeep और Chrysler ब्रांड की मालिक) के शेयरों में 3% से ज्यादा की गिरावट आई। हालांकि, फोर्ड के शेयर में हल्की बढ़त दर्ज की गई।
6. वैश्विक नेताओं की नाराजगी
कनाडा और यूरोपीय संघ (EU) ने इस फैसले की आलोचना की है। कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने अपने उद्योगों की रक्षा करने की बात कही है, जबकि EU ने आर्थिक संकट की चेतावनी दी है।
7. ट्रेड वॉर का खतरा
यूरोप ने अमेरिकी शराब पर 50% टैक्स लगाने की धमकी दी है, जिसके जवाब में ट्रम्प ने यूरोपीय शराब पर 200% टैरिफ लगाने की बात कही है।
8. अमेरिकी उपभोक्ताओं पर सीधा असर
अमेरिकी अर्थशास्त्री मैरी लवली के अनुसार, इस फैसले से मध्यम वर्ग और श्रमिक वर्ग पर सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ेगा। नई कार खरीदना आम लोगों के लिए और मुश्किल हो जाएगा।
9. टैक्स में छूट का सुझाव
ट्रम्प ने सुझाव दिया है कि अमेरिकी खरीदारों को "ऑटो लोन पर ब्याज कर कटौती" का लाभ दिया जाए, लेकिन यह केवल अमेरिका में बनी कारों पर लागू होगा।
10. महंगाई बढ़ने की आशंका
अर्थशास्त्रियों का कहना है कि इस टैरिफ से महंगाई बढ़ सकती है और ग्राहकों के पास कम विकल्प बचेंगे।
टैरिफ से ज्यादा नुकसान या फायदा?
ट्रम्प के इस फैसले से घरेलू उद्योग को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, लेकिन इसके साथ ही उपभोक्ताओं पर आर्थिक दबाव बढ़ेगा, वैश्विक व्यापारिक तनाव बढ़ेगा और महंगाई बढ़ सकती है। क्या यह फैसला अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए लाभदायक साबित होगा या इसके विपरीत असर डालेगा? यह देखना बाकी है।
