HCC Share Price : लगातार दबाव में चल रहे इंफ्रा सेक्टर के शेयर हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (Hindustan Construction Company) यानी HCC में अचानक तेज हलचल दिख रही है। पिछले कुछ सालों से कर्ज, कमजोर एग्जीक्यूशन और गिरती आय की वजह से निवेशकों का भरोसा डगमगाया हुआ था, लेकिन अब तस्वीर बदलती नजर आ रही है। ब्रोकरेज हाउस Elara Capital ने इस स्टॉक पर “Buy” रेटिंग बरकरार रखते हुए 30 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। मौजूदा स्तरों से इसमें करीब 43 फीसदी तक की तेजी की संभावना जताई गई है।
बड़े टर्नअराउंड की संभावना
आखिर अचानक क्यों बदल गया माहौल?
ब्रोकरेज रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी की चौथी तिमाही में सबसे बड़ा पॉजिटिव संकेत प्रॉफिटेबिलिटी में सुधार रहा। हालांकि कंपनी की आय सालाना आधार पर करीब 26 फीसदी घटी, लेकिन ब्याज खर्च और डेप्रिसिएशन कॉस्ट कम होने से मुनाफे की स्थिति बेहतर हुई। यही वजह है कि बाजार अब कंपनी को सिर्फ “संघर्ष करती कंपनी” नहीं बल्कि “टर्नअराउंड स्टोरी” के तौर पर देखने लगा है। Elara Capital का मानना है कि HCC धीरे-धीरे अपनी बैलेंस शीट को मजबूत कर रही है और यही बदलाव निवेशकों का भरोसा वापस ला रहा है।
कर्ज घटा तो निवेशकों का भरोसा लौटा
एक समय भारी कर्ज के बोझ से दब चुकी HCC अब तेजी से डेट कम करने पर फोकस कर रही है। ब्रोकरेज के मुताबिक FY26 तक कंपनी का ग्रॉस डेट करीब 38 फीसदी घटकर लगभग 20 अरब रुपये रह सकता है। कंपनी मैनेजमेंट ने भी मिड-टर्म में “Debt Free” बनने का लक्ष्य दोहराया है।
कंपनी पहले ही राइट्स इश्यू और QIB फंडिंग के जरिए पूंजी जुटा चुकी है। इससे कैश फ्लो मजबूत हुआ और ब्याज खर्च घटाने में मदद मिली। यही वजह है कि अब बाजार कंपनी के फाइनेंशियल रिस्क को पहले से कम मान रहा है।
ऑर्डर बुक बनी सबसे बड़ी ताकत
HCC की सबसे बड़ी ताकत उसका इंफ्रा प्रोजेक्ट पोर्टफोलियो माना जा रहा है। कंपनी मेट्रो, हाइड्रो, न्यूक्लियर और बड़े ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट्स में मजबूत मौजूदगी रखती है। कंपनी के पास हजारों करोड़ रुपये की ऑर्डर पाइपलाइन मौजूद है और सरकार के बढ़ते इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च का फायदा आने वाले वर्षों में मिल सकता है। ब्रोकरेज का कहना है कि आने वाले समय में भारत में हाइड्रो, न्यूक्लियर और रेलवे इंफ्रा निवेश तेजी से बढ़ सकता है और HCC उन चुनिंदा कंपनियों में शामिल है जिनके पास इस तरह के बड़े प्रोजेक्ट्स का अनुभव है।
ब्रोकरेज ने क्यों बढ़ाया Earnings Estimate?
Elara Capital ने FY27 और FY28 के लिए कंपनी की Earnings Estimate में क्रमश: 16 फीसदी और 12 फीसदी की बढ़ोतरी की है। इसका मतलब है कि ब्रोकरेज को आने वाले वर्षों में कंपनी की कमाई बेहतर होने की उम्मीद है। हालांकि राइट्स इश्यू के कारण शेयर डाइल्यूशन का असर दिख सकता है, इसलिए टारगेट प्राइस में थोड़ी कटौती की गई है। इसके बावजूद ब्रोकरेज को स्टॉक में मजबूत अपसाइड नजर आ रहा है।
शेयरों ने कैसा किया प्रदर्शन?
शुक्रवार, 15 मई को HCC के शेयर मामूली कमजोरी के साथ 21.96 रुपये के आसपास ट्रेड करते दिखे। हालांकि पिछले 1 महीने में स्टॉक करीब 23 फीसदी उछल चुका है। बीते 1 साल में शेयर ने लगभग 28 फीसदी रिटर्न दिया है, जबकि 3 साल में करीब 62 फीसदी और 5 साल में करीब 93 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। इसके बावजूद स्टॉक अभी भी अपने 52-वीक हाई 31.47 रुपये से काफी नीचे ट्रेड कर रहा है।
क्या बन सकता है अगला Multibagger?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कंपनी लगातार कर्ज घटाने, ऑर्डर एग्जीक्यूशन सुधारने और प्रॉफिटेबिलिटी बनाए रखने में सफल रहती है, तो HCC आने वाले वर्षों में बड़ा टर्नअराउंड प्ले बन सकता है। हालांकि इंफ्रा सेक्टर में जोखिम भी कम नहीं हैं, क्योंकि प्रोजेक्ट डिले, लागत बढ़ना और कैश फ्लो दबाव जैसे फैक्टर्स हमेशा बने रहते हैं। लेकिन फिलहाल बाजार की नजर इस बात पर है कि क्या HCC सच में अपने “Debt Free” विजन को हासिल कर पाती है। अगर ऐसा होता है तो यह शेयर लंबे समय बाद निवेशकों के लिए बड़ा रिटर्न देने वाला स्टॉक बन सकता है।
डिस्क्लेमर: TimesNow Navbharat किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।
