बिजनेस

Closing Bell: सेंसेक्स 589 अंक फिसला, निफ्टी 25807 पर बंद, निवेशकों को 2.5 लाख करोड़ का नुकसान, ये हैं गिरावट की 5 वजह

Closing Bell: शेयर बाजार में आज चौतरफा बिकवाली हावी रही। बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी और सेंसेक्स दोनों में ही आधा फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई है। सेंसेक्स जहां 589 अंक गिरावट के साथ बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी 25807 पर बंद हुआ है।

Stock Market Down

बाजार में बड़ी गिरावट

Closing Bell Today: शेयर बाजार आज गुरुवार 12 फरवरी को बिकवाली के दबाव में रहा। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी में आधा फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स जहां 588.72 अंक की गिरावट के साथ 83,674.92 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में 146.65 अंक टूटकर 25,807.20 अंक पर बंद हुआ। वहीं, सेक्टोरल इंडेक्स में सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी आईटी इंडेक्स में देखने को मिली। निफ्टी आईटी करीब 5 फीसदी से ज्यादा फिसलकर फिसलकर 33160 अंक पर बंद हुआ। यह इंडेक्स का करीब 4 महीने का सबसे निचला स्तर है।

निवेशकों को 2.5 लाख करोड़ का झटका

बाजार में आई चौतरफा बिकवाली के चलते निवेशकों को करीब 2.5 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा NSE-BSE पर लिस्टेड कंपनियों में हुए कारोबार के आधार पर देखें, तो मार्केड ब्रेड्थ और एडवांस-डिक्लाइन रेश्यो में भी कमजोरी देखने को मिली है। गुरुवार को BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 47227613.95 करोड़ रुपये रहा, जबकि इससे दिन पहले बुधवार को यह 47478122 करोड़ रुपये रहा था। इस तरह एक दिन में मार्केट कैप में 2,54,387.47 करोड़ रुपये की कमी आई है।

BSE Mcap 12 Feb

BSE Mcap 12 Feb

क्या हैं गिरावट के कारण?

  1. आईटी शेयरों में भारी बिकवाली : आज बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह आईटी शेयरों में आई तेज बिकवाली रही। Nifty IT इंडेक्स करीब 5.5% टूट गया और इंडेक्स के सभी प्रमुख शेयर लाल निशान में बंद हुए। TCS, Infosys, HCLTech, Tech Mahindra, Wipro और Coforge जैसे दिग्गज शेयरों में 4–6% तक की गिरावट ने पूरे बाजार पर दबाव बना दिया और निवेशकों ने तेजी से मुनाफावसूली की।
  2. अमेरिकी बाजार से कमजोर संकेत : अमेरिकी बाजारों में टेक शेयरों में आई कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा। अमेरिकी टेक कंपनियों और वित्तीय शेयरों में गिरावट के चलते निवेशकों का जोखिम लेने का रुख कमजोर हुआ, जिसका सीधा असर भारतीय आईटी शेयरों पर देखने को मिला।
  3. ADR में गिरावट से बढ़ी चिंता : अमेरिका में सूचीबद्ध भारतीय आईटी कंपनियों के ADR में रातभर तेज गिरावट देखने को मिली। इससे संकेत मिला कि वैश्विक निवेशक भारतीय आईटी सेक्टर को लेकर सतर्क हो रहे हैं, जिसके चलते घरेलू बाजार खुलते ही आईटी शेयरों में बिकवाली तेज हो गई।
  4. फेड दर कटौती की उम्मीद कमजोर पड़ना: हालिया मजबूत अमेरिकी रोजगार आंकड़ों के बाद यह संभावना कम हो गई है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व जल्द ब्याज दरों में कटौती करेगा। ऊंची दरें उभरते बाजारों से निवेश खींच सकती हैं, जिससे निवेशकों ने आईटी और टेक शेयरों में जोखिम कम किया।
  5. कच्चे तेल की कीमतों में तेजी: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी ने भी बाजार के मूड को कमजोर किया। ऊंचे तेल दाम भारत जैसे आयातक देश के लिए महंगाई और व्यापार घाटे की चिंता बढ़ाते हैं, जिससे निवेशक सतर्क हो गए और बाजार में बिकवाली का दबाव बना।

सेंसेक्स निफ्टी का कैसा रहा हाल?

कारोबार की शुरुआत से अंत तक बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही दबाव में रहे। सेंसेक्स 558.72 अंक यानी 0.66% गिरकर 83,674.92 पर बंद हुआ। दिन की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई और कारोबार के दौरान सेंसेक्स 84,061 के हाई तक गया, जबकि बिकवाली बढ़ने पर 83,516 के लो तक फिसल गया। इसी तरह निफ्टी 146.65 अंक यानी 0.57% टूटकर 25,807.20 पर बंद हुआ। निफ्टी ने दिन में 25,906 का हाई छुआ, लेकिन आईटी शेयरों में भारी बिकवाली के चलते यह 25,752 तक लुढ़क गया। पूरे सत्र में आईटी, मीडिया और रियल्टी शेयरों में कमजोरी देखने को मिली, जबकि चुनिंदा बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों ने कुछ हद तक गिरावट को सीमित करने की कोशिश की, लेकिन अंत में बाजार लाल निशान में ही बंद हुआ।

कैसा रहा सेक्टरोल मार्केट का हाल?

सेक्टोरल इंडेक्स के लिहाज से गुरुवार का कारोबार ज्यादातर सेक्टरों के लिए कमजोर रहा और बिकवाली का दबाव कई प्रमुख इंडेक्स में दिखाई दिया। सबसे ज्यादा दबाव आईटी सेक्टर पर रहा, जहां निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 5.5% टूट गया, जिससे पूरे बाजार का सेंटीमेंट बिगड़ा। इसके अलावा मीडिया, रियल्टी, ऑयल एंड गैस और हेल्थकेयर जैसे सेक्टर भी लाल निशान में बंद हुए। हालांकि, गिरते बाजार में कुछ सेक्टरों ने मजबूती भी दिखाई। फाइनेंशियल सर्विसेज, चुनिंदा बैंकिंग शेयर और मेटल सेक्टर में हल्की खरीदारी देखने को मिली, जिससे इन इंडेक्स ने मामूली बढ़त या स्थिर प्रदर्शन दर्ज किया। कुल मिलाकर, सेक्टोरल मार्केट का रुख नकारात्मक रहा और आईटी सेक्टर की तेज गिरावट ने पूरे बाजार की दिशा तय की।

इंडेक्समौजूदा स्तर (LTP)आज बदलाव (%)52-वीक हाईहाई से गिरावट (%)
Nifty 5025,807.20-0.57%26,373.20-2.15%
Nifty Next 5069,916.10-0.43%70,833.65-1.30%
Nifty Bank60,739.75-0.01%61,764.85-1.66%
Nifty Financial Services28,385.20+0.38%28,413.85-0.10%
Nifty Midcap Select13,893.50-0.43%14,118.40-1.59%
Nifty 10026,448.05-0.54%26,975.15-1.95%
Nifty 20014,425.50-0.53%14,700.95-1.87%
Nifty 50023,651.55-0.55%24,144.20-2.04%
Nifty Midcap 10060,470.85-0.47%61,548.85-1.75%
Nifty Smallcap 10017,344.10-0.64%19,224.95-9.78%
Nifty IT33,160.20-5.51%41,606.75-20.30%
Nifty Auto28,504.05-0.12%29,179.10-2.31%
Nifty FMCG51,885.75-0.51%58,485.05-11.28%
Nifty Metal12,279.20+0.02%12,509.75-1.84%
Nifty Pharma22,386.30-0.21%23,492.55-4.71%
Nifty PSU Bank9,229.45-0.22%9,294.60-0.70%
Nifty Realty842.35-1.45%1,049.70-19.76%
Nifty Oil & Gas12,205.55-1.19%13,607.20-10.30%
आज के कारोबार में ज्यादातर प्रमुख इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए, जहां निफ्टी आईटी इंडेक्स में सबसे बड़ी 5.5% की गिरावट दर्ज हुई और यह अपने 52-वीक हाई से करीब 20% नीचे ट्रेड कर रहा है, जो सभी सेक्टरों में सबसे बड़ी गिरावट है। इसके अलावा निफ्टी रियल्टी इंडेक्स भी अपने साल के उच्च स्तर से लगभग 19.8% नीचे बना हुआ है, जबकि स्मॉलकैप और FMCG सेक्टर भी अपने पीक से काफी नीचे फिसले हुए हैं। दूसरी तरफ, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स अपने 52-वीक हाई के सबसे करीब है और सिर्फ करीब 0.1% नीचे ट्रेड कर रहा है, जबकि PSU बैंक और बैंक निफ्टी भी अपने उच्च स्तरों के बेहद पास बने हुए हैं। कुल मिलाकर, आईटी और रियल्टी सेक्टर बाजार की सबसे कमजोर कड़ी बने हुए हैं, जबकि वित्तीय सेक्टर अब भी अपेक्षाकृत मजबूत दिख रहा है।

कैसा रहा निफ्टी आईटी का हाल?

आज Nifty IT इंडेक्स की हालत काफी कमजोर रही और यह बाजार के सबसे कमजोर सेक्टर्स में से एक के रूप में उभरा। दिनभर की बिकवाली के चलते Nifty IT इंडेक्स लगभग 5.5% नीचे फिसला और अपने 52-वीक हाई से करीब 20% नीचे ट्रेड कर रहा है, जो आज की गिरावट का सबसे बड़ा असर है। इंडेक्स के सभी घटक शेयर लाल निशान में रहे और लगभग सभी प्रमुख IT कंपनियों जैसे Infosys, TCS, HCLTech, Tech Mahindra, Wipro, Persistent, LTIMindtree और Coforge में 4–6% तक की कमजोरी देखी गई। यह व्यापक बिकवाली सिर्फ घरेलू बाजार तक सीमित नहीं रही, बल्कि अमेरिकी बाजारों में भी वैश्विक टेक शेयरों की कमजोरी और ADR गिरावट का सीधा असर IT सेक्टर पर पड़ा। कुल मिलाकर Nifty IT ने सेक्टर की कमजोरी को स्पष्ट रूप से दिखाया और आज का ट्रेंड बताता है कि निवेशक तकनीकी क्षेत्र से निकासी कर रहे हैं, जिससे यह इंडेक्स बाजार के अन्य बड़े सेक्टरों की तुलना में कहीं अधिक नीचे ट्रेड कर रहा है।

डिस्क्लेमर: TIMES NOW नवभारत किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ या कमोडिटी में निवेश की सलाह नहीं देता है। यहां पर केवल जानकारी दी गई है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

यतींद्र लवानिया
यतींद्र लवानिया author

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों... और देखें

End of Article