Business Bulletin: अंतरराष्ट्रीय बाजार में चीनी की कीमतें 6 साल के टॉप पर पहुंच गई हैं। भारत में सीएनजी और पीएनजी अब सस्ती हो जाएगी। इसके लिए सरकार ने नया फॉर्मूला फिक्स कर दिया है। वहीं एलन मस्क के डॉगी ने एक बार फिर सरप्राइज दिया है। जबकि अमेरिका में पिछले 3 महीने में करीब 2.70 लाख लोगों की नौकरियां चली गई हैं। ऐसी ही खबरों के लिए आइए जानते हैं अब तक की टॉप बिजनेस न्यूज..
सीएनजी (CNG) और पीएनजी (PNG)यूजर्स को बड़ी राहत मिलने वाली है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में घरेलू प्राकृतिक गैस कीमत निर्धारण के नए फॉर्मूले को मंजूरी दी है। इस फैसले के बाद सीएनजी और PNG यानी पाइप से आने वाली रसोई गैस की कीमतों पर अधिकतम सीमा तय कर दी गई है। सरकार का दावा है कि नए फॉर्मूले के लागू होने से पीएनजी और सीएनजी सस्ती हो जाएंगी।
बीते सोमवार को जब दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने ट्विटर के लोगो से चिड़िया हटाकर एक डॉगी की फोटो लगाई तो हर कोई हैरान रह गया। लेकिन मस्क के इस फैसले ने एक कंपनी की चांदी ला दी है। क्रिप्टोकरेंसी डॉजकॉइन के रेट लगातार बढ़ने लगे। उसकी वैल्यू 27 फीसदी तक उछल गई । और डॉजकॉइन की मार्केट कैप 13 अरब डॉलर को भी पार कर गई। लेकिन अब वही डॉगी कंपनी के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
आज 7 अप्रैल को गुड फ्राइडे के मौके पर शेयर बाजार बंद हैं। दोनों प्रमुख बाजारों BSE और NSE में कारोबार नहीं हो रहा है। इसके अलावा मेटल और बुलियन समेत होलसेल कमोडिटी मार्केट भी आज बंद हैं। वहीं फॉरेक्स और कमोडिटी मार्केट भी आज बंद हैं। इस हफ्ते 5 में से 2 बाजार बंद रहे।अब अगली छुट्टी वहीं 14 अप्रैल, 2023 को शुक्रवार के दिन है। उस दिन डॉ बाबा साहेब अंडेडकर जयंती पर बाजार बंद रहेंगे
अमेरिका बेस्ड टेक सहित कई कंपनियों ने इस साल की पहली तिमाही में 270,416 नौकरियों में कटौती (Jobs Cut) की घोषणा की, जो पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 396 प्रतिशत ज्यादा है। बताते चलें कि पिछले साल 55,696 नौकरियों में कटौती का ऐलान किया गया था। एक रिपोर्ट में ये जानकारी दी गई है। ग्लोबल आउटप्लेसमेंट एंड बिजनेस एंड एक्जिक्यूटिव कोचिंग फर्म चैलेंजर, ग्रे एंड क्रिसमस की रिपोर्ट के अनुसार, सिर्फ मार्च में कंपनियों ने 89,703 नौकरियों में कटौती की घोषणा की है, जो इस साल फरवरी के 77,770 से 15 प्रतिशत ज्यादा है।
चीनी की कीमतों ने पिछले 6 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। न्यूयॉर्क में चीनी के दाम 6 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। दरअसल, भारत द्वारा चीनी के एक्सपोर्ट को सीमित करने के बाद ग्लोबल सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। भारत में चीनी के उत्पादन में आई कमी के साथ-साथ पाकिस्तान और थाईलैंड सहित बाकी देशों से कम सप्लाई की टेंशन की वजह से इस हफ्ते कच्ची चीनी की कीमतों में 5% की बढ़ोतरी हुई है।
