Share Market: विदेशी संस्थागत निवेशकों के पूंजी प्रवाह के बीच तेल, वाहन एवं बैंक शेयरों में खरीदारी आने से सोमवार को स्थानीय शेयर बाजारों में उछाल रही। बीएसई सेंसेक्स 746 अंक उछल गया जबकि एनएसई निफ्टी में 222 अंकों की तेजी रही।
Share Market (Pic Credit: Canva)
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 746.29 अंक यानी 0.93 प्रतिशत बढ़कर 80,604.08 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 778.26 अंक बढ़कर 80,636.05 अंक पर पहुंच गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला सूचकांक निफ्टी भी 221.75 अंक यानी 0.91 प्रतिशत बढ़कर 24,585.05 अंक पर बंद हुआ।
Sensex की 26 कंपनियों में तेजी
सेंसेक्स की 30 में से 26 कंपनियों में तेजी रही। टाटा मोटर्स, इटरनल, ट्रेंट, भारतीय स्टेट बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल और मारुति के शेयरों में गिरावट रही। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "बाजार के तीन महीने के निचले स्तर पर आने के बाद राहत भरी तेजी देखी गई। सकारात्मक वैश्विक संकेतों और विदेशी संस्थागत निवेशकों की वापसी ने निवेशकों की धारणा को बल दिया।" शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,932.81 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की थी।
निवेशकों को किस बात का इंतजार
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक नायर ने कहा, "निवेशकों को इस सप्ताह होने वाले अमेरिका-रूस शिखर सम्मेलन का इंतजार है। हालांकि निकट भविष्य में सतर्कता बनी रह सकती है, लेकिन अमेरिकी व्यापार और वृद्धि पर संभावित प्रभाव का अधिक निश्चित आकलन अभी नहीं हुआ है।" एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सकारात्मक दायरे में बंद हुए जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। जापान में छुट्टी के कारण बाजार बंद रहे। यूरोप के अधिकांश बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। शुक्रवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.45 प्रतिशत गिरकर 66.29 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शुक्रवार को सेंसेक्स 765.47 अंक टूटकर 79,857.79 अंक और निफ्टी 232.85 अंक गिरकर 24,363.30 अंक पर बंद हुआ था।
375 मिनट में 3.39 लाख करोड़ की कमाई
शेयर बाजार की इस तेजी से निवेशकों को बड़ा मुनाफा हुआ है, क्योंकि उनका फायदा-नुकसान सीधे बीएसई के मार्केट कैप से जुड़ा होता है। आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार को बीएसई का मार्केट कैप 4,40,63,525.24 करोड़ रुपये था, जो सोमवार को बढ़कर 4,44,02,931.76 करोड़ रुपये हो गया। यानी निवेशकों की संपत्ति में 3,39,406.52 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। हालांकि, शुक्रवार को ही निवेशकों को 4.72 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का घाटा हुआ था।(Disclaimer: यह लेख केवल सूचना देने के उद्देश्य से प्रस्तुत किया गया है और इसे किसी प्रकार की निवेश सलाह के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल अपने पाठकों/दर्शकों को सलाह देता है कि किसी भी वित्तीय निर्णय से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर करें।)
