Bank of Baroda Loan Rates: बैंक ऑफ बड़ौदा ने गुरुवार को अपने कुछ चुनिंदा वाहन और होम लोन उत्पादों पर ब्याज दरों में 0.25 प्रतिशत की कटौती करने की घोषणा की है। यह फैसला बैंक ने देश में त्योहारी मौसम की शुरुआत के मद्देनजर लिया है, ताकि अधिक उपभोक्ता लोन लेकर अपने सपनों को साकार कर सकें।
बैंक ऑफ बड़ौदा ने कार, होम लोन पर ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की कटौती की (तस्वीर-istock)
वाहन लोन पर नई दरें
बैंक के अनुसार, अब नया वाहन खरीदने पर ग्राहकों को 8.15 प्रतिशत की प्रारंभिक ब्याज दर पर लोन मिलेगा, जो पहले 8.40 प्रतिशत थी। यह दर परिवर्तनशील होगी और ग्राहक की क्रेडिट प्रोफाइल के अनुसार तय की जाएगी। इसके अतिरिक्त, बैंक ने यह भी स्पष्ट किया कि वह छह महीने की एमसीएलआर (मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड्स बेस्ड लेंडिंग रेट) से जुड़ा वाहन लोन भी 8.65 प्रतिशत की दर पर उपलब्ध करा रहा है।
होम लोन पर नई दरें
संपत्ति गिरवी रखकर लिए गए लोन (लोन अगेंस्ट प्रॉपर्टी) पर भी बैंक ने ब्याज दर घटाकर 9.85 प्रतिशत से 9.15 प्रतिशत कर दी है। इससे ग्राहकों को अधिक लाभ होगा, खासकर वे लोग जो घर की मरम्मत, विस्तार या अन्य आवश्यकताओं के लिए लोन लेना चाहते हैं।
बैंक की रणनीति
बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यकारी निदेशक संजय मुदलियार ने कहा कि इन कटौतियों से हमारी होम लोन ऑफर अधिक प्रतिस्पर्धी हो गई है। हमारा उद्देश्य ग्राहकों को सस्ती वित्तीय सेवाएं प्रदान करना है।
