Anil Ambani Birthday And His Net Worth: आज 4 जून को अनिल अंबानी (Anil Ambani) का जन्मदिन है। अनिल का जन्म 1959 में हुआ था। अनिल रिलायंस ग्रुप (Reliance) के मालिक और चेयरमैन हैं। उनके रिलायंस ग्रुप को रिलायंस एडीए ग्रुप या Reliance Anil Dhirubhai Ambani Group के नाम से जाना जाता है। 2008 में अनिल दुनिया के छठे सबसे अमीर व्यक्ति रहे हैं। तब उनकी नेटवर्थ 42 अरब डॉलर या आज के हिसाब से 3.46 लाख करोड़ रु थी।
अनिल अंबानी नेटवर्थ
मगर फिर अनिल को एक के बाद एक कई झटके लगे। उनकी कंपनियों को घाटा हुआ और अनिल पर भारी कर्ज हो गया। इतना ही नहीं 2020 में उन्होंने अपनी नेटवर्थ लंदन की एक अदालत में जीरो बताई। पर अब उनके ग्रुप की कंपनियां अच्छा परफॉर्मेंस करती दिख रही हैं।
रिलायंस पावर को हुआ प्रॉफिट
इस साल की मार्च तिमाही रिलायंस एडीए ग्रुप की रिलायंस पावर (Reliance Power) को 321.79 करोड़ रु का मुनाफा हुआ। 2020 की मार्च तिमाही में कंपनी 657.89 करोड़ रु के घाटे में रही थी। कंपनी की टोटल इनकम भी 1,856.32 करोड़ रुपये रही, जो भले ही पिछले साल की समान तिमाही में रही 1,878.40 करोड़ रुपये के मुकाबले कम है, मगर कमाई के लिहाज से काफी बेहतर है।
खास बात यह है कि रिलायंस पावर इससे पहले आखिरी बार 2021 की जुलाई-सितंबर तिमाही में मुनाफा हुआ था, जो कि सिर्फ 5.21 करोड़ रु था।
रिलायंस कैपिटल का घाटा हुआ कम
रिलायंस पावर की तरह रिलायंस कैपिटल (Reliance Capital) का भी परफॉर्मेंस बेहतर हुआ है। हालांकि कर्ज से दबी ये कंपनी दिवालिया प्रोसेस से गुजर रही है। वैसे मार्च तिमाही में कंपनी का घाटा 4249 करोड़ रु से घटकर 1488 करोड़ रु रह गया। वहीं इनकम 4770 करोड़ रु से घटकर 4436 करोड़ रु रह गई।
वैसे टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार अनिल अंबानी अभी भी 20,444 करोड़ रु के मालिक हैं। उनके घर की वैल्यू ही 5000 करोड़ रु बताई जाती है। उनके पास एक 3.5 करोड़ की रॉल्स रॉयस भी है। साथ ही उनके पास प्राइवेट जेट और महंगी यॉट भी है।
अनिल अंबानी इन कंपनियों के हैं चेयरमैन
रिलायंस अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार अनिल अंबानी इस ग्रुप के चेयरमैन हैं। ग्रुप में रिलायंस कैपिटल, रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCom), रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, रिलायंस एंटरटेनमेंट (Reliance Entertainment), रिलायंस पावर और कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी हॉस्पिटल शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। बिज़नेस (Business News) अपडेट और आज का सोने का भाव (Gold Rate Today), आज की चांदी का रेट (Silver Rate Today) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
